नेशनल ब्यूरो। नई दिल्ली
विवादास्पद बाबा धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की राजस्थान के कोटा में चल रही श्री गौ माता महोत्सव और राम कथा के दूसरे दिन शनिवार को बड़ी संख्या में सेना के जवान शामिल हुए हैं।
यह श्रद्धालु राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से आए थे। इस भारी भीड़ के साथ 14 सिख रेजीमेंट के जवान भी कोटा आर्मी स्टेशन से पहुंचे थे. कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री श्रद्धालुओं के साथ भजन गा रहे थे. इस दौरान उनकी नजर इन जवानों पर पड़ी और उन्होंने जवानों को मंच पर बुलाकर ‘दिल दिया है जान भी देंगे’ साथ में गाया।
आचार्य धीरेंद्र शास्त्री ने सेना के जवानों का ‘हर करम अपना करेंगे, ए वतन तेरे लिए’ गीत गाकर अभिनंदन किया। इसके बाद आचार्य धीरेंद्र शास्त्री ने इन सभी को मंच पर अपने पास बुला लिया. काफी देर तक उनके साथ सेना के शौर्य में गीत गाए।
पंडाल और उसके बाहर मौजूद सभी श्रद्धालुओं ने हाथ खड़े कर सेना का सम्मान किया। इसी दौरान 14 सिख रेजीमेंट के कमान अधिकारी कर्नल आशीष धनखड़ ने आर्मी की तरफ से सिद्ध पीठ बागेश्वर धाम और आचार्य धीरेंद्र शास्त्री का अभिनंदन किया। सेना के आधिकारिक हैंडल से इस मुलाकात का वीडियो शेयर किया गया जिसकी जमकर आलोचना हो रही है।








