अलीगढ़ मुस्लिम विश्विद्यालय कैंपस में घुसकर शिक्षक की हत्या

December 25, 2025 10:45 AM
MMI Hospital


नई दिल्ली। यूपी के अलीगढ़ मुस्लिम विश्विद्यालय परिसर (Aligarh Muslim University) में घुसकर एक शिक्षक की हत्या कर दी गई है।

दानिश राव नाम के वह शिक्षक रात करीब नौ बजे कैंपस में टहलने निकले थे । उनके साथ दो अन्य शिक्षक भी थे। इसी दौरान मौलाना आजाद लाइब्रेरी और कैनेडी हॉल के पास बाइक से आए दो युवक आए और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसमें से दो गोलियां दानिश को लगीं, जिनमें एक गोली सिर में लगी। इसके बाद आरोपी फरार हो गए।

गोली लगते ही दानिश जमीन पर गिर पड़े। अचानक हुई फायरिंग से साथ चल रहे शिक्षक घबरा गए। उन्होंने आसपास मौजूद लोगों की मदद से दानिश को तुरंत जेएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही एएमयू की प्रॉक्टोरियल टीम के साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों ने आते ही शिक्षक से कहा कि अब तू पहचानेगा कि मैं कौन हूं…। इतना कहते ही गोलियां बरसा दीं। घटना के बाद भी आरोपियों ने हवाई फायरिंग किए, जिससे आसपास के लोग भी दहशत में आ गए।

दानिश के परिवार में पत्नी व दो बेटे हैं। एसएसपी के अनुसार घटना के शीघ्र खुलासे व अज्ञात हमलावरों की तलाश के लिए एसपी सिटी को निर्देश दिए हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

आरोपियों के फरार होने के बाद तमाम लोग मौके पर जुट गए। गंभीर हालत में शिक्षक को अस्पताल में ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार अधिक खून बह जाने के चलते शिक्षक की मौत हो गई।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now