AIIEA के नए अध्यक्ष धर्मराज महापात्र और महासचिव श्रीकांत मिश्रा, जानिए भुवनेश्वर के सम्मेलन में क्‍या निर्णय लिए गए?

January 1, 2026 10:03 PM
AIIEA conference in Bhubaneswar

लेंस डेस्‍क। AIIEA conference in Bhubaneswar: भुवनेश्वर में आल इंडिया इंश्योरेंस एम्प्लाइज एसोसिएशन (AIIEA) का 27वां महासम्मेलन पांच दिनों तक चला और आज सफलतापूर्वक समाप्त हो गया। यह सम्मेलन संगठन के 75 साल पूरे होने (प्लेटिनम जयंती) के मौके पर आयोजित किया गया था। इसमें देश भर से करीब 2000 प्रतिनिधि और पर्यवेक्षक शामिल हुए।

सम्मेलन में नए पदाधिकारियों का चुनाव भी हुआ। सर्वसम्मति से रायपुर (छत्तीसगढ़) के धर्मराज महापात्र को अध्यक्ष, हैदराबाद के श्रीकांत मिश्रा को महासचिव और इसी शहर के बी.एस. रवि को कोषाध्यक्ष चुना गया।
सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए भुवनेश्वर की स्थानीय इकाई और स्वागत समिति को सभी ने धन्यवाद दिया। इस सम्मेलन ने बीमा कर्मचारियों के हितों की रक्षा और सार्वजनिक क्षेत्र के बीमा को बचाने की दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई।

सम्मेलन में सार्वजनिक क्षेत्र के बीमा उद्योग की मौजूदा चुनौतियों पर गहराई से चर्चा हुई। प्रतिनिधियों ने चिंता जताई कि कुछ नीतियां सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनियों को कमजोर कर रही हैं। सभी ने एक स्वर में फैसला लिया कि जनता को सामाजिक सुरक्षा देने वाले इस क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए पूरे देश में अभियान तेज किया जाएगा।

सम्मेलन ने श्रमिकों के खिलाफ नए श्रम कानूनों का विरोध करते हुए 12 फरवरी 2026 को केंद्रीय ट्रेड यूनियनों की हड़ताल को पूरा समर्थन देने का ऐलान किया। साथ ही, बीमा कर्मचारियों के वेतन संशोधन की मांग को लेकर 9 जनवरी 2026 को होने वाली हड़ताल के साथ भी एकजुटता दिखाने का संकल्प लिया गया।

संगठन को मजबूत बनाने के लिए अलग-अलग स्तरों पर ट्रेड यूनियन स्कूल चलाने और युवा नेताओं को प्रशिक्षण देने पर विशेष जोर दिया गया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now