दिल्ली में हिरासत में अभिजीत दीपके, महाराष्ट्र में दादी का निधन; परिवार ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके(Abhijeet Deepke) की दादी का शनिवार, 10 अक्टूबर को निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से बीमार थीं। उन्होंने महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में अपने पैतृक गांव संतुक पिंपरी में अंतिम सांस ली। दादी के निधन के समय दीपके दिल्ली में पुलिस हिरासत में हैं। उनकी हिरासत को लेकर पहले से परेशान परिवार को अब एक और दुख का सामना करना पड़ा है।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले हिरासत में लिए गए दीपके

अभिजीत दीपके ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया था। इसमें शामिल होने के लिए वे शनिवार सुबह मुंबई से दिल्ली पहुंचे थे। आरोप है कि दिल्ली पहुंचने पर पुलिस ने उन्हें विमान के भीतर ही हिरासत में ले लिया। उनके साथ सौरव दास और आशुतोष रांका को भी हिरासत में लिया गया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने पहले उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनने पर तीनों को हिरासत में ले लिया गया।

माता-पिता ने पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल

दीपके की हिरासत को लेकर उनके माता-पिता ने नाराजगी जताई है। उन्होंने विमान के भीतर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूछा कि उनके बेटे ने आखिर ऐसा कौन-सा अपराध किया था, जिसके लिए उसे इस तरह हिरासत में लेना पड़ा। दीपके के पिता ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने जा रहे लोगों को पकड़ा जा रहा है। उन्होंने अपने बेटे की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई।

दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने पर स्थिति स्पष्ट नहीं

दीपके के हिरासत में होने के बीच महाराष्ट्र में उनकी दादी के निधन से परिवार की परेशानी बढ़ गई है। उनके माता-पिता हिंगोली जाने की तैयारी कर रहे हैं।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि पुलिस दीपके को कब छोड़ेगी और वे अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल हो पाएंगे या नहीं। इस संबंध में दिल्ली पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now