रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट (Raipur Airport) पर सतर्कता एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाइजीरिया के एक युवक को 270 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया है।
जब्त की गई कोकीन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक युवक दिल्ली से फ्लाइट लेकर रायपुर पहुंचा था। दिल्ली से उड़ान भरने के आसपास ही डीआरआई को इनपुट मिल गया था कि एक नाइजीरियाई नागरिक कोकीन के साथ रायपुर में लैंड करने वाला है।
इसी सूचना के आधार पर रायपुर एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ की निगरानी बढ़ा दी गई थी।
संदिग्ध युवक को कल शाम ही एयरपोर्ट पर रोक लिया गया था। इसके बाद लंबी पूछताछ और जांच के दौरान देर रात उसके पास से 270 ग्राम कोकीन बरामद की गई। हालांकि, अब तक इस मामले में डीआरआई और सीआईएसएफ के अधिकारियों ने आधिकारिक खुलासा नहीं किया है।
दिल्ली एयरपोर्ट से कोकीन कैसे निकली?
इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि दिल्ली जैसे हाई-सिक्योरिटी एयरपोर्ट से युवक कोकीन लेकर कैसे निकलने में कामयाब हो गया। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि स्मगलिंग किस तरीके से की जा रही थी, कोकीन शरीर में छुपाकर लाई गई थी या किसी अन्य तकनीक का इस्तेमाल किया गया था।
एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि युवक किस अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट से जुड़ा है।
जानकारी के अनुसार युवक से पूछताछ जारी है और उसके संपर्कों, मोबाइल डेटा तथा यात्रा रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है।
रायपुर एयरपोर्ट पर कोकीन की बरामदगी से एक बार फिर छत्तीसगढ़ में ड्रग तस्करी का खतरा बढ़ गया है।







