बस्तर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर (Narayanpur) जिले में चलाए जा रहे ‘माड़ बचाओ अभियान’ के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस, डीआरजी, एसटीएफ, आईटीबीपी और बीएसएफ की संयुक्त कार्रवाई में नक्सलियों के छिपाए गए डंप से 1 करोड़ से अधिक नकद, अत्याधुनिक हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग और मजबूत आसूचना तंत्र की मदद से यह सफलता मिली है। विगत एक महीने से सुरक्षा बलों द्वारा जिले के संवेदनशील और सुदूर इलाकों में लगातार सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान विभिन्न स्थानों पर नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री के डंप का पता चला।
संयुक्त कार्रवाई में AK-47, SLR, .303 और .315 रायफल समेत कई हथियार बरामद किए गए। इसके अलावा बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस, मैगजीन, BGL सेल, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, कॉर्डेक्स वायर, वायरलेस सेट, वॉकीटॉकी और विस्फोटक सामग्री भी जब्त की गई है। सुरक्षा बलों ने नक्सली वर्दी, बैटरियां और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री भी बरामद की है।
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक इस कार्रवाई से नक्सलियों की लॉजिस्टिक सप्लाई, हथियार नेटवर्क और आईईडी निर्माण क्षमता को बड़ा झटका लगा है। एसपी रोबिनसन गुड़िया ने बताया कि वर्ष 2025-26 में अब तक जिले में कुल 270 हथियार बरामद किए जा चुके हैं, जो क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने और नक्सल प्रभाव घटने का संकेत है।
पुलिस ने आम जनता और ग्रामीणों से अपील की है कि वे संदिग्ध गतिविधियों या सामग्री की जानकारी तुरंत सुरक्षा बलों को दें, ताकि क्षेत्र को नक्सलमुक्त बनाने के अभियान को और मजबूती मिल सके।









