नई दिल्ली। 18 नवंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court)की दो जजों की बेंच ने एक ऐसा फैसला सुनाया, जिसका बेहद दूरगामी महत्व है। कांग्रेस पार्टी ने कहा है कि यह फैसला सरकार और निजी कंपनियों के लिए चेतावनी है।
इस फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि नवंबर 2021 में ओडिशा सरकार ने सुंदरगढ़ जिले में अनुसूचित जनजातियों के स्वामित्व वाली 270 एकड़ से अधिक कृषि भूमि का गैरकानूनी तरीके से अधिग्रहण किया था।
दो साल पहले आए ओडिशा हाई कोर्ट के फैसले को पलटते हुए सुप्रीम कोर्ट ने अब स्पष्ट रूप से कहा है कि भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास और पुनर्स्थापन में उचित मुआवज़ा और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम, 2013 का शब्दशः और प्रक्रियागत, दोनों स्तरों पर उल्लंघन किया गया था। इस कानून को सितंबर 2013 में संसद ने दो साल से अधिक समय तक चली व्यापक और गहन बहस और विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति और पूरे उत्साह के साथ पारित किया था।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट ने अब स्पष्ट कर दिया है कि संविधान की पांचवीं अनुसूची के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण के लिए संबंधित ग्राम सभा की पूर्व सहमति अनिवार्य है; यह केवल सलाह या निर्देश के रूप में नहीं है।
ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जहां पांचवीं अनुसूची के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में संबंधित राज्य सरकारों के सक्रिय सहयोग से निजी खनन कंपनियां ग्राम सभाओं को लगातार दरकिनार करती रही हैं, उनकी अनदेखी करती रही हैं या उनके साथ हेरफेर करती रही हैं। ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश इसके उदाहरण हैं। सुप्रीम कोर्ट का 18 नवंबर 2026 का यह फैसला ऐसी राज्य सरकारों तथा निजी कंपनियों के लिए एक चेतावनी है और साथ ही एक उम्मीद की किरण भी है कि देश के कानून का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।इस फैसले को लेकर केवल एक आलोचना की जा सकती है कि किसी कानून का इतने खुलेआम उल्लंघन हुआ है, यह तय करने में पांच साल नहीं लगने चाहिए थे।









