रायपुर। छत्तीसगढ़ पटवारी (Patwari strike) संघ ने 13 अक्टूबर से तूता धरना स्थल पर जारी अपनी हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया है। छत्तीसगढ़ में करीब 40 दिनों से चल रहा पटवारियों का आंदोलन फिलहाल थम गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ हुई बैठक के बाद राजस्व पटवारी संघ ने अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल को स्थगित करने का ऐलान किया है। संघ के प्रांताध्यक्ष ने इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी कर दिया है, जिससे पटवारियों के दोबारा कामकाज संभालने का रास्ता खुल गया है।

संघ के प्रतिनिधि भागवत कश्यप ने बताया कि सीएम से मुलाकात के दौरान उन्होंने अपनी सभी मांगें रखीं, जिस पर मुख्यमंत्री ने एक कमेटी गठित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि तूफान की वजह से किसानों की फसल और नुकसान की स्थिति को ध्यान में रखते हुए फिलहाल आंदोलन को रोकने का फैसला लिया गया है।
गौरतलब है कि पटवारी 13 अक्टूबर से पीवी (PV) ऐप में मौजूद तकनीकी और व्यावहारिक दिक्कतों को खत्म करने की मांग को लेकर हड़ताल पर गए थे। मैदानी कामकाज में आ रही परेशानियों के चलते शुरू हुए इस आंदोलन के कारण बीते 40 दिनों से जमीन के नामांतरण, सीमांकन और अन्य राजस्व कार्य ठप पड़े थे, जिससे आम नागरिकों को दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे थे।
हड़ताल स्थगित होने से अब अटकी हुई राजस्व सेवाओं और फाइलों के निपटारे में तेजी आने की उम्मीद है। हालांकि, पीवी ऐप की खामियां दूर करने और संघ की बाकी मांगों पर सरकार आगे क्या ठोस कदम उठाती है, इस पर अभी स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।








