राहुल गांधी ने पीएम मोदी के बयान पर कहा ‘नोटबंदी और GST ने छोटे व्यापारियों की कमर तोड़ी’

लेंस डेस्क। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi)ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया बयान पर जोरदार पलटवार किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि नोटबंदी और जीएसटी (GST) जैसे फैसलों ने देश के छोटे कारोबारियों को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। राहुल ने कहा कि जो बड़ी कंपनियां ईमानदारी के साथ बाजार में काम कर रही थीं, सरकार की नीतियों ने उनके लिए भी बराबरी का मौका खत्म कर दिया है।

बाजार में बढ़ते एकाधिकार (मोनोपॉली) पर चिंता जताते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि चंद बड़े समूहों के दबदबे से कभी नए रोजगार पैदा नहीं होते। इसके उलट, इससे बाजार में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा खत्म होती है और आम जनता के लिए जरूरी चीजों की कीमतें बढ़ती हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री पर सीधा तंज कसते हुए कहा कि सरकार की नीतियों ने समाज के किसी भी वर्ग को तारीफ करने लायक नहीं छोड़ा है—चाहे वह उद्योगपति हों, छोटे व्यापारी हों, महंगाई से परेशान गरीब व मध्यम वर्ग हो या फिर नौकरी के लिए भटकते बेरोजगार युवा।

राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में तीखे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए लिखा कि देश की जनता देख रही है कि फायदा किसे पहुंचाया गया है, और अब तारीफ न मिलने पर नाराजगी जताई जा रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब जो भी गिने-चुने समर्थक बचे हैं, प्रधानमंत्री उन्हीं से अपनी प्रशंसा करवा लें और थालियां बजवा लें।

गौरतलब है कि राहुल गांधी का यह बयान प्रधानमंत्री मोदी के उस संबोधन के एक दिन बाद आया है, जो उन्होंने गुरुवार को उद्योग संगठन फिक्की (FICCI) के कार्यक्रम में दिया था। अपने भाषण में पीएम मोदी ने कॉर्पोरेट जगत को नसीहत देते हुए सवाल उठाया था कि सरकार ने कॉर्पोरेट टैक्स को 30 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत किया और 12 लाख रुपये तक की सालाना आय को टैक्स-फ्री बनाया, लेकिन इसके बदले क्या कंपनियों ने अपने कर्मचारियों की सैलरी या नई भर्तियों में इजाफा किया?

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now