नर्सिंग अधिकारियों ने एक महीने का अल्टीमेटम देकर आंदोलन स्थगित किया

रायपुर। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ ने अपने अनिश्चितकालीन आंदोलन को स्थगित कर दिया है। संघ ने ग्रेड पे, नर्सिंग अलाउंस और ड्रेस अलाउंस को लेकर आदेश जारी करने के लिए सरकार को एक महीने का समय दिया है। आंदोलन के दूसरे दिन ही स्वास्थ्य मंत्री ने संघ के पदाधिकारियों को बुलाकर चर्चा की। इस बैठक के बाद संघ ने आंदोलन स्थगित करने का फैसला लिया।

सरकार ने क्या आश्वासन दिए?

बैठक में संघ को बताया गया कि चिकित्सा शिक्षा विभाग में 1000 स्टाफ नर्सों की नई भर्ती का प्रोसेस शुरू हो चुका है। इसकी घोषणा 12 मई 2026 को की गई थी। पूर्व से काम कर रहे संविदा और डेली वेजेस स्टाफ को अनुभव के आधार पर प्राथमिकता या अतिरिक्त बोनस अंक देने का आश्वासन दिया गया है। नियमित भर्ती होने तक उनके 10,000 रुपये के वेतन को बढ़ाने की भी पूरी कोशिश की जाएगी। इसी आश्वासन के आधार पर कई संविदा और डेली वेजेस नर्सों ने ड्यूटी जॉइन की है।

संघ के अनुसार, 2018 में गठित कमेटी की अनुशंसाओं के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर शासन स्तर पर भेज दिया गया है।

नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन ने साफ कहा है कि ग्रेड पे, नर्सिंग अलाउंस और ड्रेस अलाउंस से जुड़े आदेश एक महीने के अंदर जारी किए जाएं। अगर मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन फिर शुरू किया जा सकता है। संघ की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रीना राजपूत ने कहा कि मंत्री स्तर पर सार्थक चर्चा हुई है, इसलिए फिलहाल आंदोलन स्थगित रखा गया है। नर्सिंगकर्मी सरकार के आश्वासनों पर नजर बनाए हुए हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now