रायपुर। छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के सरकारी और निजी नर्सिंग कॉलेजों में दाखिले के लिए सोमवार, 2 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। अभ्यर्थी 8 नवंबर शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। इस दौरान उन्हें अपनी पसंद के कॉलेज भी चुनने होंगे। इसके लिए अलग से समय नहीं मिलेगा। ऐसे में आवेदन करते समय ही कॉलेजों का चयन करना जरूरी है।
चिकित्सा शिक्षा संचालनालय की राज्य काउंसिलिंग समिति के मुताबिक, बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग की जाएगी।
सामान्य और ओबीसी वर्ग के लिए 1000 रुपए शुल्क
आवेदन के लिए सामान्य और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को 1,000 रुपए शुल्क देना होगा। वहीं, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए 500 रुपए शुल्क तय किया गया है। आवेदन में संशोधन कराने पर 500 रुपए अतिरिक्त देने होंगे।
वेबसाइट पर मिलेगी आगे की जानकारी
काउंसिलिंग, सीट आवंटन और प्रवेश से जुड़ी आगे की जानकारी चिकित्सा शिक्षा संचालनालय की वेबसाइट www.cgdme.in पर जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना आवेदन और कॉलेजों का चयन पूरा कर लें।









