बदरीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर लापता, पायलट समेत 6 लोग सवार, जोशीमठ के पास हादसे की आशंका

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार दोपहर बदरीनाथ(Badrinath) धाम से उड़ान भरने के बाद ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का एक हेलीकॉप्टर लापता हो गया। इसमें पांच यात्रियों के अलावा एक पायलट सवार था। हेलीकॉप्टर का संपर्क जोशीमठ के पास टूटने की खबर है। आशंका जताई जा रही है कि खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर पहाड़ी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। हालांकि, अभी तक न तो उसका मलबा मिला है और न ही उसमें सवार लोगों की स्थिति के बारे में कोई जानकारी सामने आई है।

हाथी पहाड़ के पीछे बताई जा रही आखिरी लोकेशन

शुरुआती जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 1:15 से 2:15 बजे के बीच बदरीनाथ से उड़ान भरी थी। इसे देहरादून जाना था, हालांकि कुछ रिपोर्टों में फाटा का भी जिक्र है। इसकी आखिरी लोकेशन जोशीमठ के चाई गांव के पास हाथी पहाड़ के पीछे बताई जा रही है। इसी दौरान जेपी डैम के ऊपर जंगल में सफेद रंग की किसी वस्तु में आग लगने की सूचना मिली। स्थानीय स्तर पर इसे लापता हेलीकॉप्टर से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

बारिश और बर्फबारी से बचाव दल की मुश्किलें बढ़ीं

चमोली जिले में शुक्रवार को मौसम खराब रहा। मौसम विभाग ने पहले ही बारिश, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की थी। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और कम दृश्यता के कारण तलाश अभियान में परेशानी आ रही है। सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन, पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें संभावित घटनास्थल की ओर रवाना हुईं।


उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) की मदद से ड्रोन और अतिरिक्त हेलीकॉप्टर भी तलाश में लगाए जाने की जानकारी है।

फिलहाल प्रशासन की ओर से हेलीकॉप्टर में सवार लोगों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। दुर्घटना की आशंका के बीच राहत दल पहाड़ी और जंगल वाले इलाकों में खोजबीन कर रहे हैं। हादसा हुआ है या हेलीकॉप्टर किसी अन्य वजह से संपर्क से बाहर हुआ, यह उसकी लोकेशन मिलने और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now