अमिताभ बच्चन का घर ग्रेनेड से उड़ाने की धमकी

नईदिल्ली। टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद बिग बी अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan)और गायक दिलजीत दोसांझ को शुक्रवार, 23 अक्टूबर को धमकी भरा ईमेल मिला है। इसके बाद मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह ईमेल मुंबई नगर निगम के कार्यालय में आया था। इसमें अमिताभ बच्चन के घर पर हमला करने और 27 नवंबर को मुंबई में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में सुसाइड अटैक करने की धमकी दी गई है।

इसके अलावा, ईमेल में मुंबई के स्कूलों और मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है।

ईमेल भेजने वाले ने अपनी पहचान स्मिथ जॉनसन के रूप में बताई है। ईमेल का विषय था, ‘मुंबई बॉम्बे बोलेगा खालिस्तान जिंदाबाद’। भेजने वाले ने दावा किया कि 31 अक्टूबर को अमिताभ बच्चन के घर पर ग्रेनेड से हमला किया जाएगा। साथ ही, उसने ‘खून का बदला’ लेने की बात कहते हुए धमकी दी है।
ईमेल में मुंबई के स्कूलों को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई थी, हालांकि किसी खास स्कूल का नाम नहीं बताया गया। इसके अलावा, मुंबई की मेयर के कार्यालय पर दोपहर 3 बजकर 11 मिनट पर हमला करने की चेतावनी भी दी गई थी।

दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट में सुसाइड अटैक की धमकी

धमकी भरे ईमेल में 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में सुसाइड अटैक करने की बात कही गई थी। ईमेल में लिखा था, “दलजीत का एक कॉन्सर्ट आयोजित किया गया है, वहां सुसाइड अटैक होगा।”
ईमेल में खालिस्तान नेशनल आर्मी का भी जिक्र किया गया था। इसमें इंजीनियर गुरनांक सिंह और डॉ. गुरनिवैर सिंह समेत कुछ लोगों के नाम दिए गए थे, जिन्हें कथित तौर पर इस संगठन से जुड़ा बताया गया।

इसके अलावा, ईमेल में बब्बर खालसा का भी उल्लेख था। इसमें प्रोफेसर गुरकाल सिंह और प्रोफेसर गुरंगार सिंह नाम के व्यक्तियों का जिक्र किया गया था। साथ ही, शाहवाला, खान राजादा, खेमकरण और जंडियाला गुरु जैसी जगहों के नाम भी शामिल थे।

ईमेल में खालिस्तान से जुड़े संगठनों का उल्लेख करते हुए कई अन्य स्थानों को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने बीएमसी कार्यालय और अन्य परिसरों में सुरक्षा जांच की।

जांच में नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु

धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद मुंबई पुलिस की टीम बीएमसी कार्यालय पहुंची और वहां तलाशी ली। हालांकि, जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या सामग्री नहीं मिली।

दक्षिण क्षेत्र-1 के पुलिस उपायुक्त मनीष कलवानिया ने बताया, “बीएमसी कार्यालय में धमकी भरा ईमेल मिला था। जांच की गई है और कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।”

फिलहाल, पुलिस ईमेल और उसमें लिखी गई धमकियों की जांच कर रही है। अधिकारियों का प्रयास है कि ईमेल भेजने वाले की पहचान की जा सके और यह पता लगाया जा सके कि धमकियां कितनी गंभीर हैं।

पुलिस ने लोगों से घबराने की अपील नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फिलहाल लोगों को पैनिक नहीं करना चाहिए।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now