‘वोट चोरी’ का मुद्दा पहुंचा लंदन, ध्रुव राठी का ब्रिटिश संसद के बाहर प्रदर्शन का ऐलान

नई दिल्ली। यूट्यूबर ध्रुव राठी (Dhruv Rathee) ने कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ शनिवार, 17 अक्टूबर को लंदन में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। उन्होंने शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि वे लंदन पहुंच चुके हैं। राठी ने समर्थकों से दोपहर 12 बजे ब्रिटिश संसद के पास पार्लियामेंट स्क्वायर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने जुटने की अपील की है। उन्होंने लिखा, “इंटरनेशनल डंका बजाने का टाइम आ गया है।” पोस्ट के आखिर में उन्होंने ‘जय हिंद’ लिखा।

दिल्ली में हिरासत में लिए गए थे ध्रुव राठी

इससे करीब एक सप्ताह पहले दिल्ली पुलिस ने राठी को गुरुग्राम स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया था। वे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से जुड़े थे। पीटीआई के मुताबिक, पुलिस ने उन्हें शनिवार देर रात रिहा कर दिया था। दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों और जरूरी प्रक्रियाओं का हवाला देते हुए प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी।

SIR में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और नए मतदाताओं के पंजीकरण से जुड़े फॉर्म-6 के नियमों को लेकर सवाल उठा रही है। संगठन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है। हालांकि, निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची में जानबूझकर गड़बड़ी करने के आरोपों से इनकार किया है। राठी ने अब इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाने के लिए लंदन में प्रदर्शन का आह्वान किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now