अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर (Ambikapur) में नवरात्रि पंडाल के पास सड़क पर बांधी गई रस्सी की चपेट में आने से बाइक सवार युवक फैजान की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। घटना बीती रात की बताई जा रही है। आरोप है कि बैरिकेडिंग के लिए सड़क पर बांधी गई रस्सी अंधेरे में दिखाई नहीं दी, जिससे दोनों युवक बाइक समेत गिर पड़े।
गले में फंसी रस्सी, अस्पताल में हुई मौत
जानकारी के मुताबिक, पंडाल के पास सड़क के बीचों-बीच रस्सी बांधी गई थी। बाइक से गुजरते समय रस्सी फैजान के गले में फंस गई। हादसे में घायल दोनों युवकों को अस्पताल ले जाया गया, जहां फैजान की मौत हो गई। उसके साथी का इलाज जारी है। हादसे के दौरान करंट लगने का आरोप भी सामने आया है।
परिजनों ने पूजा समिति पर लगाया लापरवाही का आरोप
घटना के बाद फैजान के परिजन कोतवाली थाने पहुंचे और दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिजनों का आरोप है कि सड़क पर बिना सुरक्षा इंतजाम के रस्सी बांधने से हादसा हुआ।
थाने का घेराव, पुलिस ने बंद कराया जगराता
युवक की मौत से नाराज मुस्लिम समाज के लोगों ने कोतवाली थाने का घेराव कर कार्रवाई की मांग की। तनाव को देखते हुए पुलिस ने पंडाल में चल रहा जगराता कार्यक्रम बंद करा दिया और मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सड़क पर रस्सी बांधने और करंट लगने के आरोपों की जांच की जा रही है।






