जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर जगदलपुर (Jagdalpur) के मां दंतेश्वरी मंदिर के सामने आयोजित किए जा रहे दीपोत्सव को लेकर गुरुवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए।
आयोजन स्थल पर डेढ़ लाख से ज्यादा दीये सजाए गए हैं। कार्यक्रम की तैयारियों के बीच मंदिर के सामने दुकानों को बंद कराने और श्रद्धालुओं की आवाजाही को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और नारेबाजी शुरू हो गई। इस दौरान एक-दूसरे पर जूते-चप्पल फेंकने की स्थिति भी बनी।
विवाद की सूचना मिलने पर डिप्टी सीएम और गृह मंत्री विजय शर्मा भी मौके पर पहुंचे। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ उनकी करीब 5-6 मिनट तक तीखी बहस और नोकझोंक हुई। विजय शर्मा के लौटने के बाद भाजपा कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और बढ़ गया।
17 सितंबर को जगदलपुर में दंतेश्वरी मंदिर परिसर से लेकर मिताली चौक तक सवा लाख दीये जलाने का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की तैयारियों के तहत पिछले दो दिनों से मिताली चौक क्षेत्र में संचालित फूड स्टॉल, ठेले और गुमटियों को बंद कराया गया है।
इसी कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया और नारेबाजी की। इसी दौरान कार्यक्रम में शामिल होने जगदलपुर पहुंचे उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने मिताली चौक पहुंचे, जहां उनका कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से आमना-सामना हो गया।
इस दौरान दीपोत्सव के लिए स्थल चयन और फूड स्टॉल, ठेले-गुमटियां हटाए जाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस हुई। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लगातार समझाते हुए अपनी बात रखते नजर आए। मौके पर काफी देर तक विवाद और गहमागहमी की स्थिति बनी रही।











