रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की राज्य सेवा परीक्षा-2025 के दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू का कार्यक्रम स्थगित हो गया है। आयोग ने इसके पीछे ‘अपरिहार्य कारण’ बताया है, लेकिन प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक इसके पीछे बड़ी वजह PSC के अध्यक्ष पद पर सरकार का समय रहते निर्णय नहीं ले पाना है।
दरअसल, PSC अध्यक्ष रीता शांडिल्य का कार्यकाल 8 सितंबर 2026 को समाप्त हो गया। इसके बाद आयोग के अध्यक्ष पद पर नई नियुक्ति होनी थी। इस पद के लिए 1991 बैच की आईएएस रेणु पिल्ले को ऑफर दिया गया था, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद अब तक सरकार इस पद पर फैसला नहीं कर सकी है।
इसी बीच राज्य सेवा परीक्षा-2025 के अगले चरण का समय आ गया और दस्तावेज सत्यापन तथा इंटरव्यू का कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा। पहले यह प्रक्रिया 20 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक होनी थी। राज्य सेवा परीक्षा-2025 के जरिए 20 विभागों में 265 पदों पर भर्ती की जानी है।
सरकार के अनिर्णय का खामियाजा भुगतेंगे अभ्यर्थी
पीएससी जैसी संवैधानिक संस्था में अध्यक्ष का पद कोई सामान्य प्रशासनिक पद नहीं है। परीक्षा की पूरी प्रक्रिया में आयोग अध्यक्ष की भूमिका केंद्रीय होती है। ऐसे में अध्यक्ष का कार्यकाल खत्म होने से पहले या उसके तत्काल बाद नई नियुक्ति को लेकर निर्णय होना जरूरी था। लेकिन, सरकार की ओर से समय रहते निर्णय नहीं होने का असर अब परीक्षा प्रक्रिया पर दिखाई दे रहा है।
ऐसी परीक्षाओं को लेकर पिछले कुछ समय से परीक्षा प्रक्रिया पर लगातार सवाल उठते रहे हैं। पेपर लीक और परीक्षा में कथित गड़बड़ियां निश्चित तौर पर गंभीर मुद्दे हैं। लेकिन भर्ती व्यवस्था की समस्या सिर्फ पेपर लीक, गलत प्रश्न या मूल्यांकन में कथित गड़बड़ी तक सीमित नहीं है।
समय पर निर्णय नहीं लेना और जरूरी पदों पर नियुक्ति नहीं करना भी उसी व्यवस्था का हिस्सा है, जिसका खामियाजा अंत में अभ्यर्थियों को भुगतना पड़ता है।
इस बार CGPSC में इसी अनिर्णय का खामियाजा अभ्यर्थियों को भुगतना पड़ रहा है, जो इंटरव्यू की तैयारी कर रहे थे।
अब नई तारीख का इंतजार
राज्य सेवा परीक्षा-2025 के तहत विभिन्न 20 विभागों के 265 पदों के लिए दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार 20 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जाने थे। अब यह पूरा कार्यक्रम फिलहाल टाल दिया गया है।
फिलहाल CGPSC ने इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन का नया कार्यक्रम जारी नहीं किया है।
अभ्यर्थियों को अब यह इंतजार है कि PSC अध्यक्ष पद पर सरकार कब फैसला करती है और इसके बाद राज्य सेवा परीक्षा-2025 की आगे की प्रक्रिया कब शुरू होती है।








