इंडोनेशिया का यात्री जहाज लापता,103 लोग बचाए गए,एक की मौत,140 की तलाश जारी

लेंस डेस्क। इंडोनेशिया में रविवार को एक बड़े समुद्री हादसे की खबर सामने आयी है। Indonesian passenger ship missing 243 यात्रियों को लेकर जा रहा यात्री जहाज जावा सागर में लापता हो गया। जहाज से अचानक संपर्क टूट गया, जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। अब तक मिली जानकारी के अनुसार विर्गो ट्रांसपोर्ट 8 नाम का यह जहाज पूर्वी जावा के सुराबाया से बोर्नियो द्वीप के बंजारमासिन जा रहा था। सफर के दौरान अचानक कम्युनिकेशन सिस्टम फेल हो गया और जहाज से कोई संपर्क नहीं हो सका।

रेस्क्यू एजेंसी के अनुसार, अब तक 103 लोगों को अलग-अलग जहाजों की मदद से सुरक्षित निकाल लिया गया है। इनमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। फिलहाल 140 लोगों की तलाश जारी है। बंजारमासिन स्थित सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस अनुसार जहाज की आखिरी लोकेशन बंजारमासिन के एक पियर से करीब 148 किलोमीटर दूर जावा सागर में मिली थी। रेस्क्यू टीम ने उसी दिशा में कई जहाज और एक हेलीकॉप्टर भेज दिया है।

इंडोनेशिया में पहले भी हुए बड़े हादसे

इंडोनेशिया में समुद्री हादसों का इतिहास लंबा और दर्दनाक रहा है।

1981 में तंपोमास-2 जहाज जावा सागर में डूबा था, जिसमें करीब 430 लोगों की जान चली गई थी।
2006 में सेनोपाती नुसंतारा फेरी खराब मौसम में डूब गई, जिसमें 400 से ज्यादा लोग मारे गए या लापता हो गए।
2007 में लेविना-1 फेरी में आग लगने के बाद डूबने से 50 से अधिक लोगों की मौत हुई।
2018 में लेस्तारी माजू फेरी दुर्घटना में 36 लोगों की जान गई।

क्यों ज्यादा हैं समुद्री हादसे?

इंडोनेशिया में 17 हजार से ज्यादा द्वीप हैं। करीब 28 करोड़ लोगों में से बड़ी संख्या अलग-अलग द्वीपों पर रहती है। इसलिए फेरी और यात्री जहाज रोजमर्रा की जरूरत बन गए हैं। उष्णकटिबंधीय जलवायु के कारण यहां अचानक तेज बारिश, आंधी और ऊंची लहरें आ जाती हैं। कई बार जहाजों में क्षमता से ज्यादा यात्री बैठाए जाते हैं। सुरक्षा उपकरण और नियमों का ठीक से पालन न होना भी हादसों की बड़ी वजह बनता है।

फिलीपींस में भी हालिया हादसा

इसी हफ्ते बुधवार रात फिलीपींस में एक यात्री फेरी में भीषण आग लग गई। इस हादसे में अब तक 76 लोगों की मौत हो चुकी है और 13 लोग लापता हैं। फेरी मनीला से कोरोन जा रही थी। इसमें कुल 132 लोग सवार थे, जिनमें से 43 को बचाया जा सका। फिलीपींस में भी पहले बड़े हादसे हो चुके हैं। 1987 में डोना पाज़ फेरी एक तेल टैंकर से टकराकर डूब गई थी, जिसमें 4,300 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। इसे शांतिपूर्ण समय का दुनिया का सबसे घातक समुद्री हादसा माना जाता है।

इंडोनेशियाई रेस्क्यू टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। मौसम और समुद्री स्थिति को देखते हुए बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। नयी जानकारी सामने आने पर ये खबर अपडेट की जाएगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now