मंत्री केदार कश्यप को लेकर BJP के अंदर नाराजगी! बस्तर के विकास पर उठे सवाल

नारायणपुर। मंत्री केदार कश्यप के कामकाज और कथित संरक्षण को लेकर नारायणपुर में भाजपा के जिला और जनपद पंचायत के पदाधिकारियों समेत वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश संगठन के सामने नाराजगी जताई। जिला भाजपा कार्यालय में हुई बैठक में नेताओं ने अपनी शिकायतें प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय और बस्तर संभाग प्रभारी हरप्रीत सिंह भामरा समेत अन्य नेताओं के सामने रखीं।

एक ही परिवार से जुड़े लोगों को पद देने का आरोप

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष पिंकी उसेंडी और ओरछा जनपद अध्यक्ष नरेश कोर्राम सहित कई पदाधिकारियों ने अपनी बात रखी। नेताओं का आरोप था कि एक ही परिवार से जुड़े कई लोगों को संगठन में महत्वपूर्ण पद दिए गए हैं, जबकि स्थानीय कार्यकर्ताओं और जनता की समस्याओं की अनदेखी हो रही है। इस पर पवन साय ने मामले की जांच कराने और समाधान का प्रयास करने की बात कही।

बस्तर में विकास को लेकर ग्रामीणों के सवाल

इधर, संघ से जुड़े सेवा संगठनों द्वारा बस्तर के दूरस्थ इलाकों में स्वास्थ्य शिविर और दवा वितरण के दौरान ग्रामीणों से सरकार और विकास को लेकर फीडबैक लिए जाने का दावा किया गया है। ग्रामीणों की कथित प्रतिक्रिया में सवाल उठाया गया कि जिस विकास की जरूरत है, वह नहीं मिल रहा और जिस विकास की मांग नहीं की गई, वह तेजी से क्यों हो रहा है?

ग्रामीणों के मुताबिक उनकी जरूरत गांव तक पक्की सड़क, स्कूल में शिक्षक, अस्पताल में डॉक्टर और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन है। उनका आरोप है कि इसके बजाय फोरलेन-सिक्सलेन सड़क और रेल परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य स्थानीय जरूरतों से ज्यादा जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों के दोहन तथा परिवहन को आसान बनाना है। बस्तर में विकास की दिशा को लेकर उठ रहे इन सवालों के साथ-साथ नारायणपुर में भाजपा के स्थानीय नेताओं की शिकायतें भी सामने आई हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now