महाराष्ट्र FDA ने CIPLA की दवा का लाइसेंस रद्द किया, रिएक्टिन प्लस पैकेजिंग में उल्लंघन

लेंस डेस्क। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने दवा कंपनी सिप्ला के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। FDA ने निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने के बाद पुणे के वाडकी स्थित सिप्ला फार्मा एंड लाइफ साइंसेज लिमिटेड की कैरी एंड फॉरवर्डिंग (C&F) सुविधा का दवा बिक्री लाइसेंस रद्द कर दिया है।

यह कार्रवाई सिप्ला की दवा रिएक्टिन प्लस टैबलेट से जुड़े मामले में की गई है। FDA अधिकारियों ने जून में किए गए निरीक्षण के दौरान दवा की पैकेजिंग में नियमों का उल्लंघन पाया था। जांच में सामने आया कि अनुसूची H के तहत आने वाली इस दवा की पैकेजिंग पर अनधिकृत प्रचार सामग्री का इस्तेमाल किया गया था।

FDA के अनुसार, रिएक्टिन प्लस की पैकेजिंग पर ‘दर्द निवारक और ज्वरनाशक’ जैसे शब्द लिखे गए थे, जो नियमों के विपरीत पाए गए। विभाग ने इसे दवा प्रचार से जुड़ा गंभीर उल्लंघन माना।

निरीक्षण के बाद FDA ने 11 लाख रुपये से अधिक मूल्य के रिएक्टिन प्लस स्टॉक को जब्त कर लिया था। इसके साथ ही कंपनी को दवा एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम, 1940 और नियम, 1945 के तहत दवा को बाजार से वापस मंगाने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, FDA का कहना है कि कंपनी इन निर्देशों का पूरी तरह पालन करने में असफल रही।

FDA अधिकारियों ने कहा कि डॉक्टर की पर्ची पर मिलने वाली दवाओं का इस तरह प्रचार लोगों को बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा लेने के लिए प्रेरित कर सकता है। इससे स्व-दवा (Self Medication) का खतरा बढ़ जाता है और लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है।

इसके बाद कंपनी की C&F सुविधा की दोबारा जांच की गई, जिसमें दवाओं के भंडारण और वितरण व्यवस्था में भी कई खामियां सामने आईं। जांच के दौरान भौतिक स्टॉक और कंप्यूटरीकृत रिकॉर्ड में अंतर पाया गया। इसके अलावा खरीद और बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड में भी कमियां मिलीं।

FDA ने बताया कि निरीक्षण में दवाइयों को उचित तरीके से रखने की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं थी। कई दवाएं जमीन पर रखी हुई मिलीं और पर्याप्त पैलेट व रैक की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इसके अलावा एक्सपायर हो चुकी दवाओं के रिकॉर्ड और उनके निपटारे की प्रक्रिया में भी लापरवाही सामने आई।

इन सभी अनियमितताओं को लेकर FDA ने कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। कंपनी के जवाब की समीक्षा के बाद विभाग ने दवा एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम और संबंधित नियमों के तहत लाइसेंस रद्द करने का फैसला लिया।

FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे ने कहा कि दवा सुरक्षा और जन स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में विभाग किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से अनुसूची H दवाओं के विज्ञापन, बिक्री, भंडारण और वितरण से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि दवा निर्माण और वितरण से जुड़ी किसी भी संस्था द्वारा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। FDA की इस कार्रवाई के बाद दवा कंपनियों में भी नियमों के पालन को लेकर सतर्कता बढ़ने की उम्मीद है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now