रायपुर। जूनियर डॉक्टर्स (Doctors)एसोसिएशन (जेडीए) रायपुर ने शुक्रवार को पंडित जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल मेडिकल कॉलेज के डीन को डॉक्टरों और मेडिकल छात्रों से जुड़ी 17 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में सबसे प्रमुख मांग इंटर्न्स, पीजी रेजिडेंट्स, बॉन्डेड मेडिकल ऑफिसर्स और सीनियर रेजिडेंट्स के स्टाइपेंड में उचित और सम्मानजनक वृद्धि की गई है। जेडीए का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में इन वर्गों के स्टाइपेंड में वृद्धि लंबे समय से लंबित है और इस पर शासन को जल्द निर्णय लेना चाहिए|
जेडीए रायपुर ने शासन और प्रशासन को इन मांगों पर 15 दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई करने का समय दिया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर निर्धारित समय में स्टाइपेंड वृद्धि सहित 17 सूत्रीय मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया गया, तो छत्तीसगढ़ स्तर पर राज्यव्यापी आंदोलन और हड़ताल की जाएगी। इसमें इंटर्न्स, पीजी रेजिडेंट्स, बॉन्डेड एमओ और सीनियर रेजिडेंट्स की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
जेडीए रायपुर के अध्यक्ष डॉ. पीयूष श्रीवास्तव ने द लेंस को बताया कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि चिकित्सकों के सम्मान, अधिकार और उचित कार्य परिस्थितियों के लिए है। संगठन बातचीत और लोकतांत्रिक तरीके से समाधान का पक्षधर है, लेकिन मांगों की अनदेखी होने पर आंदोलन के लिए भी तैयार है। उन्होंने कहा, “सम्मानजनक स्टाइपेंड और चिकित्सकों के अधिकार कोई विशेषाधिकार नहीं, बल्कि उनका जायज हक है।”









