पुलिस ने महिला को मृत समझकर कमरे में ताला लगाया, 2 घंटे बाद जिंदा मिली

बेमेतरा | छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में पुलिस (Police)की कथित गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। वार्ड नंबर 7 में 44 वर्षीय देविका साहू ने घर के अंदर रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। मौके पर पहुंची सिटी कोतवाली पुलिस ने उन्हें मृत मान लिया और कमरे में ताला लगाकर चली गई।

परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिस ने बिना डॉक्टरी जांच या नब्ज जांच के महिला को मृत घोषित कर दिया। पंचनामा की कार्रवाई बाद में करने की बात कहकर टीम थाने लौट गई। इस दौरान परिजनों को कमरे के अंदर जाने से रोक दिया गया।करीब दो घंटे बाद जब पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची और ताला खोला, तो महिला की सांसें चल रही थीं। वे जीवित थीं। परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल ले गए, जहां ICU में भर्ती कराया गया है।

महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है।इस घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने चक्काजाम कर विरोध जताया। देविका साहू तीन बच्चों के साथ किराए के मकान में रहती थीं। पति धनेश्वर साहू किसान हैं। तबीयत खराब होने और कुछ पड़ोसियों से अनबन की बातें सामने आई हैं, लेकिन आत्महत्या की कोशिश का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले में लापरवाही के आरोपों की जांच की मांग की जा रही है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now