पेरू में 6.7 तीव्रता के भूकंप से कांपा दक्षिणी इलाका, कई शहरों में महसूस हुए तेज झटके

पेरू (peru)के दक्षिणी एंडीज क्षेत्र में गुरुवार को 6.7 तीव्रता का जोरदार भूकंप आया। दक्षिणी पेरू के कई इलाकों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र आयाकूचो क्षेत्र के पैरिनाकोचास प्रांत में उपाहुआचो से करीब 38 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में था। भूकंप की गहराई लगभग 66.7 किलोमीटर दर्ज की गई।

कई इलाकों में महसूस किए गए झटके

भूकंप के झटके दक्षिणी पेरू के कई हिस्सों में महसूस किए गए। इका और अरेकिपा समेत अन्य क्षेत्रों में भी लोगों ने तेज कंपन महसूस किया। कुछ रिपोर्टों के अनुसार झटकों का असर लीमा तक महसूस किया गया।

घरों और इमारतों को नुकसान की खबर

भूकंप के बाद शुरुआती रिपोर्टों में कुछ इलाकों में मकानों और सार्वजनिक सुविधाओं को नुकसान की जानकारी सामने आई है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, कई घरों, स्वास्थ्य केंद्रों और एक स्कूल को नुकसान पहुंचा है। कुछ स्थानों पर चट्टानें खिसकने की भी खबर है।

भूकंप के दौरान Coracora में निकासी के दौरान कम से कम दो लोगों के घायल होने की भी रिपोर्ट सामने आई है। हालांकि, नुकसान का विस्तृत आकलन अभी जारी है।

सुनामी का खतरा नहीं

पेरू की नौसेना ने इस भूकंप के बाद सुनामी का खतरा नहीं होने की पुष्टि की है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर बनाए रखने और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
पेरू प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित है, जिसके कारण यहां भूकंपीय गतिविधियां अक्सर देखने को मिलती हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now