नई दिल्ली। बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव (Pappu Yadav) की दिल्ली स्थित आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शनिवार को हंगामा हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रेस वार्ता के बीच एक व्यक्ति ने पप्पू यादव की ओर जूता फेंक दिया। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद समर्थकों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में लेकर थाने ले गई।
घटना के बाद पप्पू यादव ने दावा किया कि यह केवल जूता फेंकने की घटना नहीं थी, बल्कि उनकी हत्या की साजिश थी। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी चाकू लेकर आया था और उन पर हमला करने की कोशिश की। पप्पू यादव ने कहा कि आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
पप्पू यादव ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ धार्मिक नेताओं द्वारा लगातार उनके खिलाफ भड़काऊ बयान दिए जा रहे हैं। उनके अनुसार, कुछ लोग सार्वजनिक रूप से उन्हें जान से मारने और जलाने जैसी बातें कह रहे हैं तथा इसके लिए इनाम की घोषणा भी कर रहे हैं।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब पप्पू यादव पहले से ही राम मंदिर चढ़ावा चोरी से जुड़े विवाद को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में संसद परिसर के बाहर इस मुद्दे पर किए गए एक सांकेतिक प्रदर्शन को लेकर उनके साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद के खिलाफ वाराणसी में एफआईआर दर्ज की गई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संसद परिसर के बाहर राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी को लेकर प्रस्तुत किया गया नाटकीय प्रदर्शन धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला था। संत समाज के कुछ प्रतिनिधियों ने इसे सनातन परंपरा का अपमान बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल दिल्ली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी का उद्देश्य केवल विरोध दर्ज कराना था या वह किसी अन्य मंशा से वहां पहुंचा था। वहीं, पप्पू यादव के चाकू लेकर हमले की कोशिश के दावे की भी जांच की जा रही है।
घटना के बाद सांसद की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।









