कर्नाटक विधानसभा 2028 का चुनाव नहीं लड़ेंगे सिद्धारमैया, बोले-आज की राजनीति भ्रष्टाचार से भर गई है

लेंस डेस्क। कर्नाटक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री Siddaramaiah ने 2028 के विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने उम्र, स्वास्थ्य और मौजूदा राजनीतिक माहौल को इसका कारण बताया। शनिवार को मांड्या जिले के के.आर. पेट में एक कार्यक्रम के दौरान सिद्धारमैया ने कहा कि वह अब 79 साल के हो चुके हैं। 2028 तक उनकी उम्र 81-82 साल हो जाएगी। उन्होंने स्वीकार किया कि उनकी सेहत पहले जैसी नहीं रही है और पहले वाला जोश व उत्साह अब काम नहीं करता। उन्होंने स्पष्ट किया कि वरुणा सीट से लोगों के चुनाव लड़ने के अनुरोध के बावजूद उन्होंने यह फैसला ले लिया है।

सिद्धारमैया ने कहा कि आज की राजनीति पूरी तरह भ्रष्टाचार से ग्रस्त हो चुकी है। पहले चुनाव लड़ने में लोग पैसे देते थे, लेकिन अब उम्मीदवारों को लोगों को पैसे देने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि ईमानदार राजनीति के लिए अब कोई जगह नहीं बची है। उन्होंने अपने 50 साल लंबे राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि 1978 में तालुक बोर्ड सदस्य के रूप में शुरूआत से लेकर आज तक उन्होंने कभी सिद्धांतों से समझौता नहीं किया और न ही अपनी अंतरात्मा के साथ धोखा किया।

सिद्धारमैया ने यह भी कहा कि चुनाव न लड़ने के बावजूद वह राजनीति में सक्रिय रहेंगे और जनता की समस्याओं की आवाज बनते रहेंगे। उन्होंने राज्य की जनता का आभार जताते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन अब भी जनसेवा के लिए समर्पित रहेगा।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now