नई दिल्ली | कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शुक्रवार को 36 दिनों से जारी अपना आंदोलन तत्काल प्रभाव से समाप्त करने की घोषणा कर दी। संगठन ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर मौजूद समर्थकों से शांतिपूर्वक अपने घर लौटने की अपील की।
यह घोषणा सरकार और CJP की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में की गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में CJP की ओर से सौरव दास और आशुतोष रांका मौजूद थे, जबकि केंद्र सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह शामिल हुए।
CJP ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के साथ उसकी प्रमुख मांग पूरी हो गई है। संगठन के अनुसार, सरकार ने यह भी आश्वासन दिया है कि आंदोलन में शामिल छात्रों के खिलाफ दर्ज पुलिस मामले वापस लिए जाएंगे, भविष्य में उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी और NEET पेपर लीक से जुड़े मामलों में आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को नियमों के अनुसार अधिकतम मुआवजा दिया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सौरव दास ने कहा कि सरकार ने उनकी मांगें स्वीकार कर ली हैं और इसी विश्वास के साथ आंदोलन समाप्त किया जा रहा है। उन्होंने सभी प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्वक अपने घर लौटने की अपील की।
आशुतोष रांका ने कहा कि 36 दिनों के आंदोलन के बाद सरकार ने उनकी सभी मांगें मान ली हैं। उन्होंने कहा कि उनकी मांगें किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि छात्रों से जुड़े बुनियादी मुद्दों को लेकर थीं।









