फ्रांस और स्लोवाकिया के 6 दिवसीय दौरे पर PM मोदी, फ्रांस पहुंचे, G7 समिट में लेंगे हिस्सा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) फ्रांस के दौरे पर पहुंच गए हैं। शनिवार रात फ्रांस पहुंचने के बाद रविवार को उन्होंने फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने नीस में ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का संयुक्त उद्घाटन किया। यह कार्यक्रम भारत और फ्रांस समेत दुनिया के स्टार्टअप्स और वेंचर कैपिटल फंड्स को एक मंच पर लाने का प्रयास है। कार्यक्रम से पहले पीएम मोदी ने निवेशकों और फंड प्रतिनिधियों से भी चर्चा की। आज दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक होने वाली है। इसमें व्यापार, निवेश, रक्षा सहयोग, टेक्नोलॉजी और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

मुख्य मुद्दे:

114 राफेल लड़ाकू विमानों की डील
हथियारों को एकीकृत करने के लिए सोर्स कोड की उपलब्धता
AI, सेमीकंडक्टर, हेल्थटेक, स्पेस टेक्नोलॉजी और मेडिकल टेक्नोलॉजी से जुड़े 12 समझौते
होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा व्यवस्था (ईरान तनाव के बीच)

6 दिन का दौरा कार्यक्रम

प्रधानमंत्री मोदी 13 से 18 जून तक फ्रांस और स्लोवाकिया का दौरा कर रहे हैं।

13-14 जून: नीस
14-15 जून: स्लोवाकिया (रोबर्ट फिको और राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रीनी से मुलाकात)
16-17 जून: एवियान में G7 समिट
17 जून: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से द्विपक्षीय मुलाकात
18 जून: पेरिस में विवाटेक सम्मेलन

यह पीएम मोदी की फ्रांस की 7वीं यात्रा है। स्लोवाकिया के आजाद होने के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का यह पहला दौरा है।

G7 समिट में भारत की भागीदारी

भारत G7 का सदस्य नहीं है लेकिन गेस्ट नेशन के रूप में आमंत्रित किया गया है। पीएम मोदी 2019 से अब तक 7वीं बार G7 समिट में शामिल हो रहे हैं। इस बार समिट की मेजबानी फ्रांस कर रहा है।

रूस के बाद फ्रांस भारत का दूसरा सबसे बड़ा रक्षा साझेदार है। पोखरण परमाणु परीक्षण के बाद जब कई देशों ने भारत पर प्रतिबंध लगा दिए थे, तब फ्रांस ने भारत का साथ दिया था। फ्रांस ने भारत को मिराज-2000, राफेल और स्कॉर्पीन पनडुब्बी दी हैं। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी फ्रांस लगातार भारत का समर्थन करता रहा है।

बीते 3-4 महीनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई महत्वपूर्ण विदेश दौरे किए हैं। फरवरी 2026 में उन्होंने मलेशिया और इजराइल का दौरा किया। मई महीने में उनका 5 देशों का बड़ा यूरोपीय दौरा रहा, जिसमें UAE (स्टॉपओवर), नीदरलैंड्स, स्वीडन, नॉर्वे (43 वर्षों बाद पहली यात्रा) और इटली शामिल थे। अभी जून 2026 में वे फ्रांस और स्लोवाकिया के 6 दिवसीय दौरे पर हैं, जिसमें ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम, G7 समिट, फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात शामिल है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now