ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने युद्ध का खुलकर विरोध किया है। उन्होंने कहा कि इस युद्ध की सबसे भारी कीमत आम लोगों को चुकानी पड़ रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए ममदानी ने लिखा, ‘तीन महीने पहले बिना किसी की मंजूरी के शुरू किया गया यह युद्ध अब खत्म हो जाना चाहिए। इसमें हजारों नागरिकों की जान गई है और 13 अमेरिकी सैनिक शहीद हो चुके हैं। आम अमेरिकी परिवार पेट्रोल और जरूरी चीजों की बढ़ती कीमतों से परेशान हैं।’
तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट
अमेरिका-ईरान के बीच संभावित समझौते की उम्मीद बढ़ने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में जोरदार गिरावट आई है। ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 92.69 डॉलर प्रति बैरल तक गिर गई, जो पिछले दो महीनों में सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अगर दोनों देशों के बीच सीजफायर होता है और होर्मुज जलडमरूमध्य फिर से पूरी तरह खुल जाता है तो तेल की आपूर्ति बढ़ेगी और कीमतें और गिर सकती हैं।
अमेरिका-ईरान के बीच सकारात्मक संकेत
व्हाइट हाउस में समझौते को लेकर उम्मीद बढ़ गई है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि ईरान ईमानदारी से बातचीत कर रहा है। दोनों पक्षों के बीच अब सिर्फ कुछ शर्तों और शब्दों पर सहमति बाकी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों देश 60 दिन के सीजफायर पर अनौपचारिक सहमति के करीब पहुंच गए हैं। हालांकि, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अंतिम मंजूरी अभी बाकी है।अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने ईरान को साफ चेतावनी देते हुए कहा, ‘या तो ट्रंप के साथ बातचीत की मेज पर आकर परमाणु कार्यक्रम छोड़ दो, वरना अमेरिकी ताकत का सामना करना पड़ेगा।’









