रायपुर। ऑनलाइन दवा विक्रेता कंपनियों के बढ़ते प्रभाव के विरोध में 20 मई को पूरे देश में दवा दुकानों के बंद रहने के आह्वान (Chemist Shop Strike India) छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने पूर्ण समर्थन किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता ने जिला दवा विक्रेता संघ, रायपुर को पत्र लिखकर 20 मई के बंद का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री से छोटे और मंझोले दवा व्यापारियों का अस्तित्व संकट में पड़ गया है।
डॉ. राकेश गुप्ता ने अपने पत्र में ऑनलाइन दवा बिक्री के तीन बड़े खतरे बताए:
स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार पर संकट: ऑनलाइन कंपनियों के कारण स्थानीय दवा दुकानदारों का व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है, जिससे आर्थिक नुकसान के साथ-साथ स्थानीय रोजगार भी खतरे में है।
जनस्वास्थ्य को खतरा: दवाओं जैसी संवेदनशील वस्तु की ऑनलाइन बिक्री में गुणवत्ता नियंत्रण और सुरक्षा मानकों की अनदेखी हो सकती है, जो आम जनता के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है।
अस्वस्थ प्रतिस्पर्धा: बड़ी ऑनलाइन और विदेशी कंपनियां भारी छूट देकर स्थानीय बाजार को नष्ट करने की कोशिश कर रही हैं, जिससे भविष्य में ‘लोकल’ दवा व्यापार पूरी तरह समाप्त हो सकता है।
डॉ. गुप्ता ने कहा, ‘दवा विक्रेताओं का यह संघर्ष केवल उनका व्यक्तिगत संघर्ष नहीं है, बल्कि यह उन सभी छोटे व्यापारियों की आवाज है जो ऑनलाइन कंपनियों की अनियंत्रित प्रतिस्पर्धा से जूझ रहे हैं।’
प्रदेश कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ स्थानीय व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह संकल्पित है। डॉ. राकेश गुप्ता ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि स्थानीय दवा व्यापारियों के हित और जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उचित नीतिगत निर्णय लिए जाएं तथा ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियम-कानून लागू किए जाएं।










