बस्तर में मध्य क्षेत्रीय परिषद में शामिल होने अमित शाह रायपुर पहुंचे, कल रायपुर में डायल 112 की 400 गाड़ियों को दिखाएंगे हरी झंडी

Amit Shah

रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) बस्तर में 19 अप्रैल को मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल होने रायपुर पहुंच गए हैं। नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता के बाद उनका यह छत्तीसगढ़ का पहला दौरा माना जा रहा है। दो दिवसीय प्रवास के दौरान वे रायपुर और बस्तर में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे तथा मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन, भाजपा संगठन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।

प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अमित शाह का स्वागत किया। विष्णु देव साय ने एक्स पर लिखा,  प्रभु श्रीराम के ननिहाल एवं माता कौशल्या की पावन धरा छत्तीसगढ़ में उनका हार्दिक अभिनंदन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सतत सहयोग से छत्तीसगढ़ शांति, सुशासन और विकास के उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि अमित शाह के मार्गदर्शन और डबल इंजन सरकार के प्रयासों से बस्तर अब नक्सलमुक्त होकर विकास की नई उड़ान भर रहा है तथा उनका यह प्रवास प्रदेश के विकास कार्यों को नई गति देगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह रविवार रात 8:15 बजे रायपुर पहुंचे, जहां उनका रात्रि विश्राम होगा। सोमवार 18 मई को सुबह 10:30 बजे वे राजधानी रायपुर के पीटीएस माना में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे और डायल-112 सेवा की 400 नई गाड़ियों को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद वे माना एयरपोर्ट से जगदलपुर रवाना होंगे।

दोपहर करीब 12:30 बजे केंद्रीय गृहमंत्री बस्तर के नेतानार में जन सुविधा केंद्र का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद वे जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। दोपहर 2:30 बजे बादल अकादमी में चर्चा एवं मुलाकात कार्यक्रम में शामिल होने के साथ ही शाम 4 बजे बस्तर के विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।

शाम 5:45 बजे अमित शाह भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और शाम 7 बजे ‘बस्तर के संग’ लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनका रात्रि विश्राम भी जगदलपुर में प्रस्तावित है।

दौरे के दूसरे दिन यानी 19 मई को सुबह 11 बजे जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक आयोजित होगी, जिसकी अध्यक्षता अमित शाह करेंगे। बैठक में उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल होंगे। बैठक में विभिन्न अंतरराज्यीय मुद्दों और विकास कार्यों पर चर्चा की जाएगी।

बैठक के बाद केंद्रीय गृहमंत्री दोपहर 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और शाम करीब 3:45 बजे जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। अमित शाह के इस दौरे को बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता और विकास के नए चरण के रूप में देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें: नक्सली खात्मे के बाद अमित शाह का पहला छत्तीसगढ़ दौरा, बस्तर में 4 मुख्यमंत्रियों के साथ करेंगे केंद्रीय क्षेत्रीय परिषद की बैठक

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories