रायपुर। छत्तीसगढ़ सहित देशभर से नक्सली लगभग खत्म होने के बाद केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah पहली बार छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। अमित शाह रविवार रात रायपुर पहुंचेंगे और दो दिनों तक राजधानी रायपुर तथा बस्तर में कई अहम कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
जानकारी के मुताबिक, अमित शाह बस्तर में केंद्रीय क्षेत्रीय परिषद की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्यप्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव और उत्तराखंड के सीएम पुष्कर धामी शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक अमित शाह रविवार रात 8:15 बजे रायपुर पहुंचेंगे। यहां वे रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद सोमवार 18 मई को सुबह 10:30 बजे राजधानी रायपुर के पीटीएस माना में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां वे डायल 112 सेवा की 400 नई गाड़ियों को हरी झंडी दिखाएंगे।
इस कार्यक्रम के बाद अमित शाह माना एयरपोर्ट से जगदलपुर के लिए रवाना होंगे। दोपहर करीब 12:30 बजे वे नेतानार, बस्तर में जन सुविधा केंद्र का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
दोपहर 2:30 बजे अमित शाह बादल अकादमी में चर्चा और मुलाकात कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं शाम 4 बजे वे बस्तर के विकास कार्यों को प्रेजेंटेशन के माध्यम से देखेंगे और समीक्षा करेंगे।
शाम 5:45 बजे केंद्रीय गृहमंत्री बस्तर भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद शाम 7 बजे “बस्तर के संग” लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। अमित शाह का रात्रि विश्राम जगदलपुर में ही प्रस्तावित है।
दौरे के दूसरे दिन यानी 19 मई मंगलवार को सुबह 11 बजे जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक आयोजित होगी, जिसकी अध्यक्षता अमित शाह करेंगे। इस बैठक में चार राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे और विभिन्न अंतरराज्यीय मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
बैठक के बाद अमित शाह दोपहर 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसके बाद शाम करीब 3:45 बजे वे जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। अमित शाह के दौरे को लेकर भाजपा संगठन, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। खासकर बस्तर दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: मी लॉर्ड!! ‘कॉकरोच’ और ‘परजीवियों’ की ओर से एक विनम्र प्रार्थना








