NEET Paper Leak: नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने NEET पेपर लीक मामले पर एक के बाद एक कई पोस्ट और वीडियो शेयर कर कई सवाल उठाये हैं। आज 17 मई को एक और पोस्ट में राहुल गांधी ने एक ट्वीट के ज़रिये केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल पूछते हुए कहा कि बार-बार परीक्षा पेपर लीक हो रहे हैं, लेकिन शिक्षा मंत्री को अब तक बर्खास्त क्यों नहीं किया गया. उन्होंने केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए.
2024 NEET पेपर लीक का जिक्र
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में पीएम मोदी से ये भी पूछा कि साल 2024 में NEET पेपर लीक हुआ था, लेकिन परीक्षा रद्द नहीं हुई और न ही किसी मंत्री ने इस्तीफा दिया. उस समय मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई और एक कमेटी बनाई गई. और अब 2026 में फिर NEET पेपर लीक हुआ. इस बार परीक्षा रद्द कर दी गई, लेकिन शिक्षा मंत्री ने फिर भी इस्तीफा नहीं दिया. मामले की जांच फिर सीबीआई कर रही है और अब एक नई कमेटी बनाई जाएगी.
पीएम मोदी से पूछे तीन बड़े सवाल
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी से सीधे तीन सवाल पूछे. उन्होंने कहा कि देश जवाब चाहता है कि बार-बार पेपर लीक क्यों हो रहे हैं. उन्होंने पूछा कि ‘परीक्षा पे चर्चा’ पर सरकार चुप क्यों है और लगातार विफल हो रहे शिक्षा मंत्री को पद से क्यों नहीं हटाया जा रहा.
एक अन्य पोस्ट में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार जिम्मेदारी लेने के बजाय मामले को दबाने की कोशिश करती है। उन्होंने लिखा कि पहले सरकार लंबे समय तक चुप रहती है, फिर दोषियों को संरक्षण देती है और सवाल उठाने वालों पर हमला किया जाता है। राहुल गांधी ने कहा कि NEET पेपर लीक के बाद भी किसी मंत्री ने इस्तीफा नहीं दिया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 2024 में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के डीजी को हटाकर बाद में मुख्यमंत्री का प्रमुख सचिव बना दिया गया।
राहुल गांधी ने एक अन्य पोस्ट में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री ने 22 लाख NEET छात्रों के साथ धोखा किया है और संसद का भी अपमान किया है। राहुल गांधी का आरोप है कि संसदीय समिति की रिपोर्ट को सिर्फ इसलिए खारिज कर दिया गया क्योंकि उसमें विपक्षी सांसद शामिल थे। उन्होंने कहा कि जो सरकार संसद पर भरोसा नहीं करती, वह NEET सुधारों पर क्या भरोसा देगी. राहुल गांधी ने मांग की कि शिक्षा मंत्री को तुरंत हटाया जाए।







