रायपुर। सोशल मीडिया पर लग्जरी लाइफस्टाइल, विदेशी यात्राओं और महंगी कारें शो करने वाला रायपुर का कथित इंफ्लुएंसर बाबू खेमानी (Babu Khemani) असल में एक बड़े ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का मास्टरमाइंड निकला है। रायपुर पुलिस ने उसे मुंबई से गिरफ्तार कर रायपुर लाया। यहां करीब 10 दिनों की पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि उसका नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ था और इसके विदेशी कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।
अब बाबू खेमानी के निवास पर क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने छापेमारी की है। इस कार्रवाई में डीएसपी, टीआई समेत वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। पुलिस घर और अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश देकर महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच कर रही है। पुलिस को कई शिकायतें मिली हैं कि बाबू ने कई लोगों को ब्लैकमेल किया है। उसके पास कुछ ऐसे दस्तावेज हैं, जिससे लोग उसके ब्लैकमेलिंग के शिकार हो रहे थे। पुलिस बाबू खेमानी के मकान में वही दस्तावेज ढूंढ रही है।
पुलिस के मुताबिक बाबू खेमानी का असली नाम गुलशन खेमानी है। वह सोशल मीडिया पर खुद को एक सफल इंफ्लुएंसर और क्रिकेट एक्सपर्ट के रूप में पेश करता था। इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म पर वह अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल, विदेश यात्राएं और महंगी कारों के वीडियो पोस्ट कर लोगों के बीच अपनी एक हाई-प्रोफाइल छवि बनाता था। इसी इमेज के जरिए वह लोगों को अपने नेटवर्क से जोड़ता था।
जांच में सामने आया है कि बाबू खेमानी महादेव ऐप की तर्ज पर ‘3 Stumps’ नाम से ऑनलाइन सट्टा वेबसाइट चलवा रहा था। इसके जरिए आईपीएल समेत अन्य क्रिकेट मैचों में सट्टा खिलाया जाता था। पुलिस के अनुसार, उसके रिश्तेदार और करीबी अलग-अलग शहरों से इस नेटवर्क के पैनल ऑपरेट कर रहे थे।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि उसका सट्टा सिंडिकेट तीन अलग-अलग लेयर में काम करता था। हर लेयर का अलग रोल तय था। कहीं से ग्राहक जोड़ने का काम होता था, तो कहीं से सट्टे के पैसे का लेन-देन और नेटवर्क को छिपाने की रणनीति बनाई जाती थी।
शुरुआती दौर में बाबू खेमानी ने ‘मेटो’, ‘कलर 777’ और ‘क्लासिक एक्स 99’ जैसे बैटिंग एप्स के जरिए अपना नेटवर्क खड़ा किया था। हालांकि 2023 में पुलिस कार्रवाई के बाद इन प्लेटफॉर्म पर काम बंद कर दिया गया। इसके बाद उसने नए नामों के साथ ‘3 Stumps’ और ‘55 Exchange’ जैसे प्लेटफॉर्म शुरू कर दिए और पुराने ग्राहकों को फिर से जोड़ लिया।
दुबई में ललित मोदी से मिला, उसकी भी चल रही जांच
जांच के दौरान उसके विदेश कनेक्शन भी सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक वह 2011 में दुबई, 2023 में थाईलैंड और 2025 में तीन बार दुबई गया था। इसी दौरान उसकी मुलाकात आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी से होने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि इस मुलाकात का सट्टा नेटवर्क से कोई सीधा संबंध है या नहीं, इसकी जांच अभी जारी है।
पुलिस का कहना है कि बाबू खेमानी सोशल मीडिया पर आईपीएल मैचों के दौरान ‘प्रिडिक्शन’ और ‘टिप्स’ देने के नाम पर लोगों को अपने टेलीग्राम लिंक से जोड़ता था। इसके बाद उन्हें सट्टा नेटवर्क में शामिल किया जाता था और आसान कमाई का लालच दिया जाता था।
इस मामले में पुलिस ने बाबू खेमानी समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अब तक कुल 27 लोगों को पकड़ा जा चुका है। आरोपियों के कब्जे से बीएमडब्ल्यू कार समेत करीब 60 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है।
बताया जा रहा है कि यह पूरा नेटवर्क रायपुर, मुंबई, पुणे और गोवा जैसे शहरों में फैला हुआ था और कई लोग अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर रहे थे। फिलहाल पुलिस इस सिंडिकेट के विदेशी कनेक्शन और आर्थिक लेन-देन की गहन जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: भूपेश सरकार में पॉवरफुल कलेक्टर रहीं निलंबित IAS रानू साहू को बिलासपुर हाईकोर्ट से झटका











