बस्तर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में नक्सल ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता मिली है। कांकेर जिले के जंगलों में हुई मुठभेड़ में एक महिला माओवादी कमांडर (Maoist commander ‘Rupi’) मारी गई है, जिसे बस्तर में सक्रिय आखिरी तेलुगु महिला माओवादी कैडर बताया जा रहा है।
यह मुठभेड़ ऐसे समय में हुई है जब संसद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया था कि देश में नक्सलवाद अब लगभग खत्म होने की कगार पर है।
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के छोटेबेठिया–परतापुर थाना क्षेत्र के माचपल्ली, आरामझोरा और हिडूर के घने जंगलों में सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन चलाया था।
सूचना थी कि इलाके में माओवादियों की मौजूदगी है। सर्चिंग के दौरान माओवादियों ने अचानक जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की और दोनों तरफ से मुठभेड़ शुरू हो गई।
मुठभेड़ के बाद जब जवानों ने इलाके में सर्चिंग की तो एक महिला माओवादी का शव बरामद हुआ। मौके से एक पिस्टल, गोला-बारूद और अन्य सामग्री भी मिली है।
पुलिस ने मृत माओवादी की पहचान रूपी के रूप में की है। वह दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी सदस्य विजय रेड्डी की पत्नी थी।
बताया जा रहा है कि विजय रेड्डी वर्ष 2025 में मानपुर–मोहला इलाके में हुई मुठभेड़ में मारा गया था। पति की मौत के बाद रूपी ने आत्मसमर्पण का रास्ता नहीं चुना और संगठन में सक्रिय बनी रही।
रूपी के बारे में बताया जाता है कि उसने पति की मौत का बदला लेने की कसम खाई थी, इसलिए जब बसवराजु, कोसा दादा और राजू दादा के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद अधिकांश सीसीएम से लेकर टॉप कमांडरों ने सरेंडर करना शुरू किया तो रूपी ने सरेंडर के बजाए अपनी लड़ाई जारी रखने का ऐलान किया था।
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक रूपी बस्तर में सक्रिय आखिरी तेलुगु महिला माओवादी कैडर मानी जा रही थी।
हालांकि इसके बावजूद जंगलों में बचे कुछ चुनिंदा माओवादी अब भी हथियार छोड़ने के बजाय लड़ाई जारी रखने की कोशिश कर रहे हैं और कांकेर की यह मुठभेड़ उसी का नतीजा मानी जा रही है।
बस्तर रेंज के आईजी सुन्दरराज पी ने कहा कि सरकार लगातार माओवादियों से आत्मसमर्पण की अपील कर रही है और कई कैडर मुख्यधारा में लौट भी रहे हैं।
फिलहाल मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी है।
बस्तर में सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को अंतिम सांसें ले रहे माओवादी नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: नक्सलियों के पास करोड़ों का सोना… नोट बंदी से गोल्ड या स्विस बैंक से आया?
वीडियो रिपोर्ट देखें:











