राज्यसभा: छत्तीसगढ़ कांग्रेस क्रॉस वोटिंग की आशंका में चौकन्नी

Rajya Sabha Election

रायपुर। राज्यसभा (Rajya Sabha) चुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों के उम्मीदवारों की घोषणा के बाद अब यह तय है कि दोनों पार्टियों के हिस्से एक–एक सीट जाएगी।

बीजेपी ने लक्ष्मी वर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है जबकि कांग्रेस पार्टी ने वर्तमान राज्यसभा सदस्य फूलोदेवी नेताम को ही दुबारा राज्य सभा भेजने का फैसला किया है , लेकिन इधर भाजपा के राज्यसभा चुनाव के लिए दो फॉर्म खरीदने की खबरों ने कांग्रेस को चौकन्ना कर दिया है। पार्टी को आशंका है कि भाजपा सेंधमारी कर इस चुनाव में क्रॉस वोटिंग करवा सकती है।

विधानसभा सूत्रों के हवाले से आई खबरों के मुताबिक पूर्व विधायक और भाजपा के प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कण्डेय के नाम से पार्टी ने नामांकन पत्र खरीदा है। चर्चा है कि नवीन मार्कण्डेय गुरुवार 5 मार्च को, नामांकन दाखिले का अंतिम दिन है, अपना पर्चा डमी प्रत्याशी के रूप में दाखिल कर सकते हैं।

भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने इस बात की तो पुष्टि की है कि पार्टी में गोपनीय तौर पर कुछ पक रहा है।

इधर कांग्रेस के सूत्रों का कहना है कि भाजपा में जो कुछ भी पाक रहा है उसकी गंध वहां तक भी पहुंची है।

कांग्रेस पार्टी के एक नेता ने यहां तक कहा कि राज्यसभा चुनाव के लिए मतों के समीकरण के हिसाब से 7 वोट अगर कांग्रेस से निकल कर भाजपा के उम्मीदवार को पद गए तो भाजपा छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की दोनों सीटें ले उड़ेगी!

बताते हैं कि इस आशंका से कांग्रेस हाईकमान भी अवगत है।

प्रदेश कांग्रेस के एक नेता ने कहा कि पार्टी ने अपने विधायकों में से 7 चेहरे चिह्नित भी करे हैं जिनके टूटने की आशंका है। ये सात ऐसे नाम हैं जिन्हें या तो अगले विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने की आशंका है या जिन्हें लगता है कि टिकट मिल भी गई तो उनका चुनाव जीतना मुश्किल होगा।

उल्लेखनीय है कि पहले एक बार राज्य सभा के चुनाव में ही कांग्रेस पार्टी से क्रॉस वोटिंग हो चुकी थी पर कांग्रेस सिर्फ अटकलें लगाती रही थी कि किसने पार्टी से गद्दारी की होगी। इस बार पार्टी सूत्र कहते हैं कि सात नामों पर पार्टी की नजर है और पार्टी चौकन्नी भी है।

यह 5 मार्च को नामांकन दाखिला हो जाने के बाद ही साफ होगा कि भाजपा से डमी उम्मीदवार मैदान में होते हैं या नहीं और होते हैं तो पार्टी दूसरी सीट भी हथियाने की कोशिश करती है या नहीं।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now