रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तेलीबांधा इलाके में हुए गाली गलौज देने के बाद फरार पूर्व महापौर एजाज ढेबर के भतीजे शोएब ढेबर (Shoaib Dhebar) को पुलिस तलाश रही है। शोएब ढेबर पर एक स्कूल संचालक से गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में तेलीबांधा में मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, विधायक कॉलोनी निवासी आरबी मिश्रा की कार राममंदिर के पास खड़ी थी। इसी दौरान शोएब ढेबर की कार से हल्की टक्कर हो गई। मामूली टक्कर को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और बीच सड़क पर जमकर गाली-गलौज हुई। आरोप है कि शोएब ने स्कूल संचालक को पहले तो गालियां दीं और फिर देख लेने की धमकी भी दी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी की तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है।
पीड़ित स्कूल संचालक आरबी मिश्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 6 फरवरी की रात करीब 10 बजे वे विधायक कॉलोनी से वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद जब वे अपनी कार के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक कार के चालक शोएब ढेबर ने कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी कार को स्क्रैच मार दिया।
मिश्रा का आरोप है कि जब उन्होंने आरोपी को सावधानी से वाहन चलाने की समझाइश दी, तो शोएब ने बीच सड़क पर गाड़ी रोककर उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद पीड़ित ने तेलीबांधा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर 8 फरवरी को पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
शोएब ढेबर रायपुर नगर निगम के पूर्व महापौर एजाज ढेबर का भतीजा है। इससे पहले भी उसका नाम कई विवादों में सामने आ चुका है।
7 अगस्त 2025 को वह जेल में बिना अनुमति मुलाकात कक्ष में प्रवेश कर गया था और वहां अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। घटना के बाद जेल प्रशासन ने उसकी किसी भी कैदी से मुलाकात पर तीन महीने के लिए प्रतिबंध लगा दिया था। इस मामले में जेल प्रहरी की शिकायत पर गंज थाना में भी केस दर्ज हुआ था।
इसके अलावा क्लब में मारपीट और कोरोना काल के दौरान पुलिसकर्मियों से विवाद का वीडियो भी वायरल हो चुका है।







