रायपुर। नोएडा की इवेंट कंपनी इलेक्ट्स टेक्नो मीडिया के 17 फरवरी को रायपुर के एक निजी होटल में प्रस्तावित सरकारी कार्यक्रम को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा से कार्यक्रम की अनुमति को लेकर सवाल किए हैं।
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि जिस कंपनी के कार्यक्रम को मध्यप्रदेश में वसूली की शिकायतों के बाद रद्द किया गया, उसी कंपनी को छत्तीसगढ़ में आयोजन की अनुमति कैसे दी गई। ठाकुर ने कहा कि कंपनी द्वारा उच्च शिक्षा मंत्री की फोटो और छत्तीसगढ़ शासन का लोगो लगाकर प्रचार किया जा रहा है, जो गंभीर मामला है।
धनंजय सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि इस कंपनी ने छत्तीसगढ़ में भी निःशुल्क इवेंट कराने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन अब विश्वविद्यालयों से मोटी रकम लिए जाने की शिकायतें मिल रही हैं।
उन्होंने कहा कि इवेंट के नाम पर निजी विश्वविद्यालयों से स्पॉन्सरशिप और फंड कलेक्शन किया जा रहा है, जिसके लिए विभागीय सचिव के पत्र को आधार बनाया जा रहा है।
उन्होंने सवाल उठाया कि निजी इवेंट कंपनी को छत्तीसगढ़ शासन का आधिकारिक लोगो इस्तेमाल करने की अनुमति किसने दी? क्या उच्च शिक्षा विभाग ने विश्वविद्यालयों से राशि लेने की अनुमति दी है? यदि कार्यक्रम निःशुल्क था, तो फंड कलेक्शन क्यों किया जा रहा है?
कांग्रेस प्रवक्ता ने इसे ‘सरकारी संरक्षण में लूट’ बताते हुए कार्यक्रम की अनुमति तत्काल रद्द करने की मांग की है। कांग्रेस ने मांग की है कि इलेट्स टेक्नो मीडिया को दी गई आयोजन की अनुमति तत्काल निरस्त की जाए। जिन विश्वविद्यालयों से इवेंट के नाम पर राशि ली गई है, उसे वापस कराया जाए। कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग की गई है।
उच्च शिक्षा विभाग या सरकार की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इस संबंध में जब उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा से बात करने की कोशिश की गई तो उनसे संपर्क नहीं हो सका।
यह भी पढ़ें : राजधानी के रिंग रोड पर जाम से राहत के लिए NHAI सौ करोड़ में चौड़ी करेगा सर्विस लेन







