नई दिल्ली। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के अध्यक्ष तारिक रहमान (Tariq Rahman) के नेतृत्व वाली बांग्लादेश की नवनिर्वाचित सरकार मंगलवार को शपथ लेने वाली है।
अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस ने कैबिनेट के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए चीन, भारत और पाकिस्तान सहित 13 देशों के नेताओं को आमंत्रित किया है।
यह जानकारी प्रोथम आलो नामक समाचार पत्र ने दी है। तारिक रहमान ने चीन को विकास की राह में मित्र बताया है और कहा है कि भारत के साथ संबंध साझा व्यवहार के आधार पर तय होगा।
अब तक आमंत्रित देशों की सूची में चीन, सऊदी अरब, तुर्की, भारत, पाकिस्तान, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान शामिल हैं।
द हिन्दू की सुहासिनी हैदर का कहना है कि पीएम मोदी में इस आयोजन में शामिल होने की संभावना कम है।नए कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह अगले मंगलवार दोपहर को राष्ट्रीय संसद के साउथ प्लाजा में आयोजित होगा।
इससे पहले, शनिवार को बीएनपी नेता एएनएम एहसानुल हक मिलन ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आगामी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने पार्टी की समावेशी विदेश नीति सभी के साथ मित्रता, किसी से दुश्मनी नहीं पर जोर दिया।
ढाका में पत्रकारों से बातचीत में मिलन ने दक्षिण एशियाई नेताओं को आमंत्रित करने के सवाल पर कहा, ‘मुझे ठीक-ठीक नहीं पता कि वे क्या कर रहे हैं, लेकिन उम्मीद है कि वे सभी को आमंत्रित करेंगे। मुझे ठीक-ठीक नहीं पता, लेकिन उन्हें आमंत्रित करना चाहिए। यह सामान्य शिष्टाचार है। आयोजक ऐसा करेंगे। मुझे उम्मीद है कि पूरी दुनिया हमारे साथ होगी।’
बीएनपी ने इस महीने की शुरुआत में बांग्लादेश की संसदीय चुनाव में पार्टी की बड़ी जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बधाई संदेश की सराहना की।
एक्स पर एक पोस्ट में बीएनपी ने पीएम मोदी के संदेश और अपनी नेतृत्व की मान्यता के लिए आभार व्यक्त किया। बीएनपी ने लिखा – ‘बहुत-बहुत धन्यवाद, माननीय @narendramodi। हम तारिक रहमान के नेतृत्व में बीएनपी की निर्णायक जीत को मान्यता देने के लिए आपके दयालु संदेश की बहुत सराहना करते हैं। यह परिणाम बांग्लादेश की जनता द्वारा हमारी नेतृत्व और लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर रखे गए विश्वास और भरोसे को दर्शाता है।’











