छत्तीसगढ़ के धमतरी में फिर धर्मांतरण की आग, महिला के शव को कब्र से निकालने पहुंचे ग्रामीण

Chhattisgarh

रायपुर। छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के धमतरी जिले में धर्मांतरण से जुड़ा एक मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया। मामला नगरी इलाके के दुगली थाना क्षेत्र के गुहारनाला गांव का है, जहां 70 वर्षीय तितरो बाई के निधन के बाद उनके अंतिम संस्कार को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि प्रशासन ने हस्तक्षेप कर शव को कब्र से निकालने नहीं दिया है। पुलिस दोनों पक्षों की बैठक कर मामले को सुलझाने में लगा है।

परिजनों के अनुसार, तितरो बाई सहित उनके परिवार ने लगभग आठ वर्ष पूर्व ईसाई धर्म अपना लिया था। 3 फरवरी को उनका निधन हो गया, जिसके बाद ईसाई रीति-रिवाज से गांव में ही शव को दफनाया गया।

इसी को लेकर गांव के कुछ ग्रामीणों और आदिवासी समाज के लोगों ने आपत्ति जताई। उनका कहना था कि पारंपरिक रूप से गांव में दफनाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए थी।

महिला के दफनाए जाने के बाद ग्रामीणों और आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने शव को बाहर निकालने की मांग शुरू कर दी। देखते ही देखते गांव में माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को बिगड़ता देख प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में गांव में बैठक बुलाई गई, जिसमें दोनों पक्षों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

लंबी चर्चा के बाद बैठक में अहम सहमति बनी। अपुष्ट जानकारी के अनुसार, मृतका के पूरे परिवार ने हिंदू धर्म में वापसी पर सहमति जताई। इसके बाद ग्रामीणों और आदिवासी समाज ने भी शव को कब्र से बाहर न निकालने पर सहमति दे दी। प्रशासन की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है और फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है। हालांकि इस बात की किसी भी आधिकारिक स्तर पर पुष्टि नहीं हो सकी है।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

धमतरी में यह पहला मामला नहीं है जब धर्मांतरण और अंतिम संस्कार की परंपरा को लेकर विवाद सामने आया हो। करीब 5 दिन पहले भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जब करीब 15 वर्ष पहले ईसाई धर्म अपना चुके शख्स की मौत के बाद उसे कब्र में दफनाया गया था। ग्रामीणों ने कब्र से शव निकाल लिया था।

इससे पहले कांकेर जिले में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी, जहां धर्मांतरित व्यक्ति के अंतिम संस्कार को लेकर गांव में विवाद और सामाजिक तनाव की स्थिति बन गई थी। वहां भी प्रशासन की मध्यस्थता से मामला शांत कराया गया था।

यह भी पढ़ें : कलेक्टर का यह आदेश क्या सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के खिलाफ है?

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories