बुलवायो। भारत ने Under 19 World Cup में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। टीम इंडिया ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 58 रन से शिकस्त देकर अंतिम चार में प्रवेश किया। यह मुकाबला जिम्बाब्वे के बुलवायो में खेला गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 50 ओवर में 252 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर से वेदांत त्रिवेदी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 68 रन की अहम पारी खेली और टीम को 200 रन के करीब पहुंचाया।
वैभव सूर्यवंशी ने 22 गेंदों में 30 रन बनाए, जबकि कप्तान आयुष म्हात्रे खाता भी नहीं खोल सके। पारी के अंतिम ओवरों में कनिष्क चौहान और खिलन पटेल ने तेज फिफ्टी साझेदारी कर टीम का स्कोर 250 के पार पहुंचा दिया।
पाकिस्तान की ओर से अब्दुल सुभान ने 3 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सय्याम को 2 सफलता मिली।
सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पाकिस्तान को 253 रन का लक्ष्य 33.3 ओवर में हासिल करना था, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के आगे पाकिस्तानी बल्लेबाजी टिक नहीं सकी और पूरी टीम 46.2 ओवर में 194 रन पर सिमट गई।
पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने सबसे ज्यादा 66 रन की पारी खेली।
भारत की तरफ से कप्तान आयुष म्हात्रे ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 8 ओवर में 21 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं खिलन पटेल ने भी 3 विकेट लेकर पाकिस्तान की रन चेज को पूरी तरह पटरी से उतार दिया।
भारत की जीत के हीरो रहे कनिष्क चौहान, जिन्हें ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। कनिष्क ने बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में 35 रन की तेज पारी खेली। गेंदबाजी में उन्होंने 10 ओवर में 1 मेडेन के साथ 30 रन देकर 1 विकेट लिया। उन्होंने विकेटकीपर हमजा जुहूर को 42 रन पर आउट किया।
अब अंडर-19 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला अफगानिस्तान से होगा।











