नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो (Indigo Crisis) पिछले छह दिनों से गहरे संकट में है। नए पायलट ड्यूटी नियमों (FDTL) की वजह से स्टाफ की कमी होने से हजारों यात्री परेशान हैं। रविवार को भी 350 से ज्यादा फ्लाइटें रद्द हो चुकी हैं, जबकि शनिवार को 800 से अधिक उड़ानें कैंसिल हुई थीं।रविवार को सबसे ज्यादा असर इन शहरों में है –
हैदराबाद एयरपोर्ट से 115 फ्लाइटें रद्द (54 आने वाली, 61 जाने वाली)
बेंगलुरु एयरपोर्ट से शाम 6 बजे तक 76 आने वाली और 74 जाने वाली फ्लाइटें प्रभावित
इंदौर से 25, भोपाल से 2, जबलपुर से 2 फ्लाइटें कैंसिल
चंडीगढ़ से 3, रायपुर से 2, तिरुवनंतपुरम से सुबह 10 बजे तक 11 फ्लाइटें रद्द
मुंबई, त्रिची, दिल्ली सहित कई बड़े शहरों की उड़ानें प्रभावित
इंडिगो का दावा 95% नेटवर्क सामान्य
एयरलाइन का कहना है कि 138 में से 135 डेस्टिनेशन पर उड़ानें फिर से शुरू हो गई हैं। कंपनी ने माना कि यात्रियों का भरोसा वापस जीतने में काफी समय लगेगा। इंडिगो रोजाना करीब 2300 उड़ानें चलाती है, इसलिए 10-20% कैंसिलेशन का मतलब भी सैकड़ों फ्लाइटें और हजारों यात्री प्रभावित होना है।
सरकार ने की सख्त कार्रवाई
नागरिक उड्डयन मंत्रालय और DGCA ने इंडिगो पर कड़ा रुख अपनाया है, सरकार का निर्देश है –
7 दिसंबर रात 8 बजे तक सभी कैंसिल फ्लाइट्स का पूरा रिफंड करना अनिवार्य
48 घंटे में खोया हुआ सामान यात्रियों तक पहुंचाना होगा
इंडिगो के CEO को 24 घंटे में बताना होगा कि उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए
जवाब नहीं देने पर DGCA एकतरफा एक्शन ले सकता है
सभी एयरलाइंस के लिए किराया सीमा तय:
500 किमी तक – अधिकतम ₹7,500
500-1000 किमी तक – अधिकतम ₹12,000
सभी घरेलू रूट पर अधिकतम ₹18,000 (बिजनेस क्लास को छोड़कर)
DGCA ने दी अस्थायी राहत भी
1 नवंबर से लागू नए पायलट ड्यूटी नियमों के दूसरे चरण की वजह से स्टाफ की कमी हुई थी। सरकार ने इंडिगो समेत सभी एयरलाइंस को 10 फरवरी 2026 तक इसमें छूट दे दी है। अब पायलटों को साप्ताहिक अवकाश के बदले कोई भी छुट्टी देने की अनुमति होगी।
इंडिगो ने बनाया क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप
कंपनी की पैरेंट इंटरग्लोब एविएशन ने तुरंत कदम उठाते हुए एक हाई-लेवल क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप बनाया है। इसमें शामिल हैं:चेयरमैन विक्रम सिंह मेहता
डायरेक्टर्स ग्रेग सारेत्स्की, माइक व्हिटेकर, अमिताभ कांत , CEO पीटर एल्बर्स। यह ग्रुप लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है और हर घंटे अपडेट ले रहा है। बोर्ड ने लगातार दो इमरजेंसी बैठकें की हैं।
यात्रियों के लिए राहत की घोषणा
इंडिगो ने कहा है:
5 से 15 दिसंबर के बीच की सभी बुकिंग्स का पूरा पैसा बिना सवाल लौटाया जाएगा
कैंसिल फ्लाइट का फुल रिफंड और री-शेड्यूलिंग मुफ्त
कोई कैंसिलेशन या बदलाव चार्ज नहीं
कंपनी ने यात्रियों से बिना शर्त माफी मांगी है
शेयर बाजार में भारी गिरावट
इस संकट का असर शेयर बाजार में भी दिख रहा है। इंडिगो की पैरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन का शेयर पिछले 5-6 दिनों में तेजी से गिरा है। जितनी गिरावट पूरे छह महीने में नहीं हुई थी, उससे कहीं ज्यादा सिर्फ एक हफ्ते में हो गई। निवेशक भी परेशान हैं। कंपनी ने अभी कोई निश्चित तारीख नहीं बताई है, लेकिन कहा है कि दिन-रात काम चल रहा है। हर घंटों में अपडेट जारी किया जा रहा है। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए अन्य एयरलाइंस (एयर इंडिया, अकासा, स्पाइसजेट) ने भी अतिरिक्त उड़ानें शुरू की हैं, लेकिन अभी भी कई रूट पर सीटें कम हैं।

