रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने का निधन

Rajni Tai Upasane

रायपुर। रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने (Rajni Tai Upasane) का 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। बीते कुछ दिनों से वे बीमार थीं। एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। बुधवार की शाम साढ़े 6 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

उनके पति दत्तात्रेय प्रह्लाद उपासने थे। वह इंडिया टुडे के पूर्व संपादक जगदीश उपासने, भाजपा नेता सच्चिदानन्द उपासने, गिरीश और हेमंत उपासने की माता थीं।

श्रीमति उपासने शुरुआत से ही भारतीय जन संघ की कार्यकर्ता रहीं। उनका पूरा परिवार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ा रहा। रजनी ताई ने कई आंदोलन किए और जेल गईं।

आपातकाल के दौरान रजनी ताई ने भूमिगत आंदोलन का संचालन किया। उनके तीन पुत्र आपातकाल के दौरान जेल में बंद रहे। 1977 में जनता पार्टी की सरकार में वे रायपुर शहर से विधायक चुनी गईं।

वे समाज कल्याण बोर्ड की उपाध्यक्ष रहीं। इसके अलावा संगठन के पदों पर प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने काम किया। महिला मोर्चे को खड़े करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कोरोना काल में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें फोन पर सीधे बातचीत कर उनका हाल-चाल जाना था।

प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रजनीताई को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका निधन हम सबके लिए क्षति है। आपातकाल के दौरान अपने तीन बेटों की मीसा में हुई गिरफ्तारी के बावजूद उन्होंने जिस धैर्य, साहस और मुखरता के साथ उन प्रतिकूल परिस्थितियों का मुकाबला किया, वह एक प्रेरणास्पद अध्याय है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणसिंह देव ने कहा कि रजनीताई जिस तरह आपातकाल के दिनों और उसके बाद भी संगठन कौशल की मिसाल पेश की। वह भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं को सदैव प्रेरित करेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now