प्रदेश नेतृत्व में बदलाव का कोई प्रस्ताव ही नहीं: छत्तीसगढ़ भाजपा

रायपुर। छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी (CG BJP) ने कहा है कि प्रदेश नेतृत्व में बदलाव की खबरें निराधार हैं।

पार्टी के प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही ने कहा है कि ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधान नहीं हैं।

उल्लेखनीय है कि the lens ने 30 अगस्त को यह खबर दी थी कि पार्टी में यह विचार चल रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की जगह किसी ओबीसी नेता को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाए।

किरण सिंह देव

किरण सिंह देव सड़क दुर्घटना के बाद से स्वास्थ लाभ ले रहे हैं।यह भी चर्चा है कि स्वयं श्री सिंहदेव अध्यक्ष की जगह मंत्री बनने के इच्छुक हैं।उनकी जगह प्रदेश अध्यक्ष के रूप में जिन नेताओं का नाम चर्चा में था उसमें प्रमुख रूप से केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू शामिल थे और खबर यहां तक थी कि तोखन साहू भी मंत्री का पद छोड़ कर अध्यक्ष बनने के इच्छुक हैं।

लेकिन लेंस की इस खबर के सामने आने के बाद बीती रात ही पार्टी ने इन तमाम अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।पार्टी ने यह भी कहा है कि किरण सिंह देव इस अवस्था में भी पार्टी गतिविधियों से दूर नहीं हैं।

इधर पार्टी सूत्र अध्यक्ष बदलने की चर्चाओं के बीच पार्टी के ऐसे किसी विचार को खारिज करने वाले बयान को दिलचस्प मान रहे हैं।पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने दावा किया कि प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने की चर्चाओं और इससे जुड़ी हलचलों से पार्टी के भीतर विभिन्न स्तरों पर लोग वाकिफ थे।

पार्टी सूत्र अब इस बात को समझने की कोशिश कर रहे हैं कि मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष दोनों ही आदिवासी होने के बावजूद पार्टी आदिवासी प्रदेश अध्यक्ष के बदले ओबीसी,खासतौर पर साहू समाज के एक वरिष्ठ नेता को अध्यक्ष बनाये जाने के विचार और इससे जुड़ी चर्चाओं को खारिज क्यों कर रही है?

इन सूत्रों का कहना है कि छत्तीसगढ़ के राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से तो यह संतुलन तार्किक माना जायेगा कि एक प्रमुख पद पर अगर आदिवासी नेता हैं तो दूसरे पर ओबीसी और वह भी राज्य की सबसे बड़ी आबादी वाले साहू समाज से कोई नेता हों।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि इन चर्चाओं के खंडन का निर्देश दिल्ली से मिला है।

पार्टी के एक अन्य नेता ने नाम ना देने की शर्त पर कहा कि अभी भले ही पार्टी ने इस बात से इंकार कर दिया हो लेकिन अंततः पार्टी को इस दिशा में फैसला करना होगा।

हालांकि आज की भाजपा के बारे में कहा यह जाता है कि जो मीडिया में होता है,वह फैसलों में नहीं होता!

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now