वंदे मातरम के 150 साल, आज संसद में विशेष चर्चा, PM मोदी करेंगे शुरुआत

December 9, 2025 12:07 PM
Vande Matram

नई दिल्ली। आज सोमवार 8 दिसंबर को भारतीय संसद इतिहास रचने जा रही है। राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ (Vande Matram) की 150वीं वर्षगांठ के मौके पर लोकसभा और राज्यसभा दोनों में पूरे दिन विशेष चर्चा होगी। यह पहला मौका होगा जब संसद में हमारे राष्ट्रीय गीत पर इतना विस्तृत और समर्पित विचार-विमर्श होगा। इस चर्चा में गीत के सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और राजनीतिक महत्व को रेखांकित किया जाएगा।

मीडिया में आयी रिपोर्ट्स के मुताबिक लोकसभा में ठीक दोपहर 12 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद चर्चा की शुरुआत करेंगे। इसके बाद विभिन्न दलों के सांसद अपनी बात रखेंगे और बहस का समापन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। राज्यसभा में भी इसी तरह की विशेष चर्चा होगी जिसमें गृह मंत्री अमित शाह के शुरुआत करने की पूरी संभावना है। सूत्रों के मुताबिक दोनों सदनों में चर्चा करीब 4-5 घंटे तक चलेगी।

विपक्ष भी पूरी ताकत से हिस्सा ले रहा है। कांग्रेस ने अपने 8 प्रमुख नेताओं को बोलने के लिए चुना है, गौरव गोगोई (उप नेता प्रतिपक्ष), प्रियंका गांधी वाड्रा, दीपेंद्र हुड्डा, बिमोल अकोइजाम, प्रणीति शिंदे, प्रशांत पडोले, चमाला किरण कुमार रेड्डी और ज्योत्सना महंत। ये नेता ‘वंदे मातरम’ की वैचारिक विरासत और स्वतंत्रता संग्राम में इसकी भूमिका पर अपनी बात रखेंगे।

‘वंदे मातरम’ को बंकिम चंद्र चटर्जी ने 7 नवंबर 1875 को लिखा था और 1882 में अपने उपन्यास ‘आनंदमठ’ में शामिल किया। रवींद्रनाथ टैगोर ने इसे संगीतबद्ध किया था। स्वतंत्रता आंदोलन में यह गीत क्रांतिकारियों का सबसे बड़ा नारा बना। 24 जनवरी 1950 को संविधान सभा ने इसे आधिकारिक रूप से राष्ट्रीय गीत का दर्जा दिया। आज संसद में होने वाली यह चर्चा देश की भावनात्मक एकता और सांस्कृतिक विरासत को नई ऊंचाई देने वाली होगी।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now