नई दिल्ली। CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध के बीच सोमवार को योगेंद्र यादव और रिटायर्ड सिविल सर्वेंट्स का एक प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग (ECI) मुख्यालय नहीं पहुंच सका। योगेंद्र यादव के मुताबिक करीब 15 लोगों का प्रतिनिधिमंडल शाम 4 बजे ज्ञानेश कुमार को एक ‘चार्जशीट’ और ‘Impeachment Notice’ सौंपने जा रहा था।
योगेंद्र यादव बोले- ECI को किला बना दिया
योगेंद्र यादव ने सोशल मीडिया पर बताया कि उन्होंने दिल्ली पुलिस को समझाने की कोशिश की, लेकिन चुनाव आयोग की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेड लगा दिए गए। यादव ने लिखा, “ECI is fortress.” इसके चलते प्रतिनिधिमंडल आगे नहीं जा सका। उन्होंने इससे पहले दिल्ली पुलिस और चुनाव आयोग को टैग करते हुए कहा था कि वे लगातार चौथे दिन हिरासत में नहीं जाना चाहते और उनका प्रतिनिधिमंडल शांतिपूर्वक ECI जा रहा है।
अब प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस
चुनाव आयोग तक नहीं पहुंच पाने के बाद यादव ने शाम 5 बजे प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की जानकारी दी। यहां प्रतिनिधिमंडल मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ तैयार की गई ‘चार्जशीट’ और आगे की रणनीति को लेकर अपनी बात रखेगा।
SIR को लेकर लगातार चल रहा विरोध
यह घटनाक्रम मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और Special Intensive Revision यानी SIR के खिलाफ जारी विरोध के बीच हुआ है। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में प्रदर्शन हो रहे हैं और कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस हिरासत में भी लिया गया है। योगेंद्र यादव भी इन प्रदर्शनों में शामिल रहे हैं। प्रदर्शनकारी SIR प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।









