नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) आने वाली दस अक्टूबर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली में जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन शुरू करने की योजना बना चुकी है। इस प्रदर्शन को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी बगावती तेवर में है।
बुधवार को संसद मार्ग पुलिस थाने के बाहर मीडिया से बात करते हुए CJP के नेता सौरव दास ने कहा कि वह अपने प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस को सूचित करने आए हैं, ताकि बाद में यह न कहा जाए कि औपचारिक रूप से सूचित नहीं किया गया।
प्रदर्शन के लिए सरकार से इजाजत मांगना बेतुका
जब उनसे सवाल किया गया कि अगर दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी तो CJP क्या करेगी, तो उन्होंने कहा, “हम लोगों को परमिशन शब्द इस्तेमाल करना बंद कर देना चाहिए। कितनी बेतुकी और अजीब धारणा है कि सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करना है तो आप सरकार से परमिशन मांगोगे।”
सौरव दास ने आगे कहा, “परमिशन क्या होता है, दिल्ली पुलिस कौन होती है परमिशन देने वाली। दिल्ली पुलिस का काम है कि नागरिकों की सुरक्षा करे, लॉ एंड ऑर्डर मेंटेन करे, ट्रैफिक व्यवस्था करे, जिससे दूसरे लोगों को थोड़ी ज्यादा परेशानी न हो। वो उनको करना होता है, वो काम करने के लिए हम भी पूरा सहयोग करेंगे। इसलिए सूचित करना होता है।”
ज्ञानेश को बताया देश का सबसे बड़ा गद्दार
इस दौरान उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को देश का सबसे बड़ा गद्दार करार दिया। उन्होंने कहा कि वह गद्दार नंबर एक और असली एंटी नेशनल हैं। सौरव दास ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी दस अक्टूबर से जंतर मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेगी।
उन्होंने कहा, “हम संसद मार्ग थाने जा रहे हैं। मैंने एक पत्र तैयार किया है जिसमें कहा गया है कि हम आपके साथ पूरा सहयोग करेंगे और उम्मीद है कि आप भी हमारे साथ सहयोग करेंगे। हमने उन्हें बता दिया है कि 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक बड़ा विरोध प्रदर्शन होने वाला है। मैं इसी बारे में उनसे चर्चा करने आया हूं।”







