SIR पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, ममता खुद लड़ेंगी अपना मुकदमा

February 4, 2026 8:19 PM
Mamata Banerjee

लेंस डेस्क। पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर आज सुप्रीम कोर्ट में महत्वपूर्ण सुनवाई होने वाली है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद अदालत में मौजूद रहेंगी और उन्होंने मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत से मामले को व्यक्तिगत रूप से पेश करने की अनुमति मांगी है। ऐसा करने वाली वह किसी राज्य की पहली मुख्यमंत्री हैं।

उनकी कानूनी टीम ने कोर्ट से यह प्रार्थना की है कि उन्हें अपनी बात सीधे रखने का मौका मिले।मुख्यमंत्री ने एसआईआर की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए दावा किया है कि इस तरीके से लाखों मतदाताओं, विशेषकर समाज के कमजोर और हाशिए पर रहने वाले वर्गों के मताधिकार को खतरा हो सकता है।

टीएमसी ने अपने एक्स अकाउंट पर एक तस्वीर साझा की है, जिसमें ममता बनर्जी वकील की पोशाक में नजर आ रही हैं। इस फोटो पर कैप्शन है – ‘लोगों का वकील बनाम शैतान का वकील’। तस्वीर में लिखा है कि ममता बनर्जी सुप्रीम कोर्ट में एसआईआर को चुनौती देंगी।

ममता बनर्जी इस याचिका में खुद पक्षकार हैं और उन्होंने एक अंतरिम आवेदन दाखिल किया है, जिसमें उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे मामले के सभी पहलुओं और तथ्यों से पूरी तरह परिचित हैं। साथ ही, उन्होंने अदालत के नियमों-प्रक्रियाओं की जानकारी होने का दावा किया है और आश्वासन दिया है कि वे कोर्ट की मर्यादा का पूरी तरह पालन करेंगी।

यह मामला मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष सूचीबद्ध है, जिसमें जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस विपुल पंचोली भी शामिल हैं।

याचिकाकर्ताओं में ममता बनर्जी के अलावा टीएमसी सांसद डेरेक ओ’ब्रायन, डोला सेन और मोस्तारी बानू जैसे नाम भी हैं। ममता बनर्जी के सुप्रीम कोर्ट परिसर में प्रवेश के लिए पास जारी हो चुका है, जिससे उनकी व्यक्तिगत उपस्थिति लगभग तय मानी जा रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now