देश में भीषण गर्मी का कहर, कई शहरों में 46°C पार

April 27, 2026 2:44 PM

WEATHER UPDATE : देश के ज्यादातर हिस्सों में भीषण गर्मी का दौर जारी है। रविवार को महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई शहरों में तापमान 46°C से ऊपर पहुंच गया। महाराष्ट्र के अकोला में सबसे ज्यादा 46.9°C तापमान दर्ज किया गया जबकि अमरावती में 46.8°C, बांदा (UP) में 46.6°C और बाड़मेर-वर्धा में 46.4°C तापमान रहा। उत्तर प्रदेश में 60 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। वाराणसी के सरकारी अस्पताल में हीट स्ट्रोक के मरीजों के लिए कोल्ड रूम और अलग बेड तैयार किए गए हैं। मध्य प्रदेश के खजुराहो में पहली बार इस सीजन 45°C तापमान पहुंच गया, जबकि इंदौर और भोपाल में पारा 43°C रहा।

उत्तराखंड के देहरादून में गर्मी के कारण 1 से 12वीं तक के स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। बिहार में भी गर्मी ने कहर बरपाया। 11 जिलों में तापमान 40°C के पार पहुंच गया और दो मौतों की खबर है। छत्तीसगढ़ में रायपुर और बिलासपुर सबसे गर्म रहे, जहां तापमान 44°C से ऊपर दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का अलर्ट

बिहार, छत्तीसगढ़, दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में अगले 2 दिन हीटवेव चलेगी। कई जगहों पर गर्म रातें रहने की संभावना है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ में लू का अलर्ट जारी किया गया है। असम और मेघालय में भारी बारिश तथा उत्तराखंड में ओलावृष्टि की संभावना है।

राजस्थान के जैसलमेर, बीकानेर, अजमेर और भोपालगढ़ में शाम को हल्की बारिश हुई। बिहार के सुपौल, मधुबनी, दरभंगा और किशनगंज में भी जोरदार बारिश हुई, जिससे कुछ इलाकों में आम की फसल को नुकसान पहुंचा। मध्य प्रदेश के भोपाल, महू, सीहोर और रतलाम में भी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों में कुछ इलाकों में तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, लेकिन उत्तर और मध्य भारत में गर्मी अभी और बढ़ने की संभावना है।सलाह है कि दोपहर में धूप से बचें, खूब पानी पिएं और बच्चों व बुजुर्गों का खास ध्यान रखें।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now