अमेरिकी हमले के बाद वेनेजुएला में आपातकाल, पत्‍नी सहित राष्ट्रपति मादुरो लापता, ट्रंप का दावा- हमारे कब्‍जे में…  

January 3, 2026 10:47 PM
US Strikes Venezuela

द लेंस डेस्‍क। अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकी के कुछ ही दिनों बाद, वेनेजुएला की राजधानी काराकस में अमेरिकी सेना ने जोरदार हमला किया है।

इसी बीच वेनेजुएला की उप-राष्ट्रपति ने बताया कि राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस फिलहाल लापता हैं। यह बयान उस वक्त आया जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सार्वजनिक तौर पर दावा किया कि मादुरो दंपति को हिरासत में ले लिया गया है।

वेनेजुएला की निकोलस मादुरो सरकार ने अमेरिका पर अपने देश के सैन्य और नागरिक ठिकानों पर बड़े हमले का इल्ज़ाम लगाया है। मादुरो प्रशासन ने इसे सैन्य हमला करार देते हुए कड़ी भर्त्सना की है। राजधानी कराकस के अलावा मिरांडा, अरागुआ और ला गुइरा प्रांतों में कई तेज़ धमाकों की खबरें आई हैं। सरकार का कहना है कि वेनेजुएला को डराने-धमकाने की ऐसी कोशिशें कभी कामयाब नहीं होंगी। राष्ट्रपति मादुरो ने पूरे देश में राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा कर दी है।

मादुरो ने कहा कि इन हमलों का मकसद देश के महत्वपूर्ण संसाधनों, खासकर तेल और खनिजों पर कब्ज़ा करना और राजनीतिक आज़ादी को ज़बरदस्ती कुचलना है। उन्होंने राष्ट्रीय आपातकाल घोषित किया और सभी रक्षा योजनाओं को जरूरत पड़ने पर लागू करने के आदेश दिए। साथ ही, देश की सभी सामाजिक-राजनीतिक ताकतों से इस साम्राज्यवादी हमले के खिलाफ एकजुट होने की अपील की।

ट्रंप वेनेजुएला में अमेरिकी कार्रवाई पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने कहा कि अभियान पूरी तरह सफल रहा और ज्यादा जानकारी जल्द दी जाएगी। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि अमेरिका ने वेनेजुएला पर बड़े स्तर का सफल हमला किया है, जिसमें मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़कर देश से बाहर ले जाया गया। यह ऑपरेशन अमेरिकी एजेंसियों की मदद से पूरा किया गया।

कराकस में शनिवार सुबह कई ज़ोरदार विस्फोट हुए, कम ऊंचाई पर उड़ते हवाई जहाज़ दिखे। रॉयटर्स के अनुसार, आसमान में तेज़ आवाज़ करने वाले विमानों ने बम गिराए, जिससे इमारतें कांप गईं और शहर पर धुएं की मोटी परत छा गई। राजधानी के दक्षिणी हिस्से में बड़ा सैन्य आधार होने से वह इलाका बिजली गुल हो गया। एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट में कम से कम सात धमाके दर्ज किए गए, जिसके बाद लोग घरों से बाहर निकल आए। सोशल मीडिया पर वीडियो में धमाकों के दृश्य कैद हुए हैं।

वेनेजुएला के रक्षा मंत्री व्लादिमीर पैड्रिनो ने वीडियो मैसेज में कहा कि देश किसी बाहरी सैन्य ताकत की मौजूदगी का पुरज़ोर मुकाबला करेगा। उनका बयान ट्रंप के उस दावे के बाद आया जिसमें उन्होंने मादुरो को पकड़ने और देश से बाहर ले जाने की बात कही। पैड्रिनो ने इल्ज़ाम लगाया कि हमले में आम नागरिक क्षेत्रों को निशाना बनाया गया, जिससे निर्दोष लोगों को नुकसान हुआ। सरकार मरने और घायल होने वालों की जानकारी इकट्ठा कर रही है और इसे वैश्विक मंचों पर उठाएगी।

अमेरिकी नागरिकों को वेनेजुएला छोड़ने की सलाह

अमेरिका ने अपने नागरिकों को फौरन वेनेजुएला छोड़ने की सलाह दी है। ट्रैवल एडवाइजरी में कहा गया कि वहां यात्रा न करें क्योंकि गलत हिरासत, अपहरण, अपराध, अशांति और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी का बड़ा खतरा है। रह रहे अमेरिकियों को तुरंत निकलने को कहा गया है।

एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, अमेरिकी एविएशन अथॉरिटी ने वेनेजुएला के हवाई क्षेत्र में सैन्य गतिविधियों के चलते कमर्शियल फ्लाइट्स पर बैन लगा दिया, जो धमाकों की खबरों से ठीक पहले लागू हुआ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now