TVK प्रमुख विजय मिले राज्यपाल से, किया सरकार बनाने का दावा, कल सुबह 10 बजे होगा शपथ ग्रहण

Tamil Nadu Government Formation : तमिलनाडु में नई सरकार गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। टीवीके प्रमुख और अभिनेता विजय मंगलवार को राजभवन पहुंचकर राज्यपाल से मिले और सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश किया। कल यानी 7 मई को सुबह 10 बजे विजय मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इस बीच तमिलनाडु कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने चेन्नई स्थित टीवीके मुख्यालय पहुंचकर विजय से मुलाकात की और पार्टी की ओर से पूर्ण समर्थन देने की औपचारिक घोषणा कर दी। कांग्रेस ने टीवीके को लिखित समर्थन पत्र सौंपा, जिसके बाद विजय ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। यह गठबंधन तमिलनाडु में नई सरकार बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

कांग्रेस का सशर्त समर्थन

कांग्रेस ने टीवीके को अपना पूर्ण समर्थन देने का फैसला किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने इसकी पुष्टि की। हालांकि, कांग्रेस ने साफ शर्त रखी है कि टीवीके किसी भी साम्प्रदायिक ताकतों से दूर रहेगा। कांग्रेस का कहना है कि यह गठबंधन पेरियार के सामाजिक न्याय और डॉ. बीआर अंबेडकर के संवैधानिक मूल्यों पर आधारित होगा। कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने पार्टी के इस फैसले का बचाव करते हुए कहा कि जब किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलता तो ऐसे गठबंधन आम बात है। उन्होंने जर्मनी, नीदरलैंड जैसे यूरोपीय देशों के उदाहरण दिए।

तमिलनाडु में तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) और कांग्रेस के बीच पोस्ट-पोल गठबंधन की अटकलों के बीच कांग्रेस ने बयान जारी कर कहा है कि वे TVK को समर्थन देंगे, लेकिन कुछ शर्तों के साथ। कांग्रेस ने कहा कि यह साझेदारी सिर्फ वर्तमान सरकार बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि भविष्य के चुनावों,स्थानीय निकाय चुनाव, लोकसभा और राज्यसभा चुनाव तक जारी रहेगी।

बयान में कहा गया कि विजय और राहुल गांधी ने संयुक्त रूप से लोगों के जनादेश का सम्मान करने और तमिलनाडु की युवा पीढ़ी से संबंधित वादों को पूरा करने का संकल्प लिया है।आज राज्य प्रभारी गिरीश चोडनकर ने बुधवार को पुष्टि की कि पार्टी को TVK से पत्र मिला है।

संवाददाताओं से बात करते हुए चोडनकर ने कहा कि पत्र पर दिल्ली में पार्टी नेताओं ने चर्चा की है और विस्तृत जानकारी संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जाएगी। इसमें PCC अध्यक्ष, CLP नेता और नवनिर्वाचित विधायक शामिल होंगे।”हमने PCC अध्यक्ष, CLP नेताओं और नवनिर्वाचित विधायकों के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। उस समय हम आपको विस्तार से बताएंगे कि हम आगे कैसे बढ़ रहे हैं।

टीवीके की तैयारियां

टीवीके ने अपने सभी 108 नवनिर्वाचित विधायकों को चेन्नई के पास महाबलीपुरम स्थित एक होटल में ठहरा दिया है। पार्टी किसी भी तरह की अस्थिरता से बचने और विधायकों को एकजुट रखने के लिए यह कदम उठाया है। टीवीके नेता केए सेंगोट्टैयन राज्य सचिवालय पहुंचे और प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति को लेकर चर्चा की। प्रोटेम स्पीकर नई विधानसभा के पहले सत्र में सभी विधायकों को शपथ दिलाएंगे।

इससे पहले विजय ने चुनाव परिणाम आने के बाद पहली बार एक्स पोस्ट में तमिलनाडु की जनता को संबोधित किया। उन्होंने TVK की शुरुआत पर हुई मज़ाक का जिक्र किया और पार्टी के शानदार प्रदर्शन का श्रेय तमिलनाडु की जनता को दिया। इन सभी घटनाक्रमों के बीच सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस में तनाव बढ़ गया है।

DMK का तीखा विरोध

DMK ने कांग्रेस के इस फैसले पर जमकर निशाना साधा है। DMK प्रवक्ता सरवनन अन्नादुरई ने इसे ‘पीठ में छुरा घोंपना’ बताया। दूसरे प्रवक्ता टीकेएस इलांगोवन ने कहा कि कांग्रेस के ऐसे फैसलों से पार्टी का अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा। द्रमुक नेता कनिमोझी ने दावा किया कि अन्नाद्रमुक के 21 विधायक टीवीके में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि अगर अन्नाद्रमुक बिना शर्त समर्थन देती है तो उन्हें हैरानी नहीं होगी।

DMK प्रवक्ता सरवनान अन्नादुराई ने बुधवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए फैसले को “मायोपिक” यानि दूरदर्शिता रहित बताया और INDIA गठबंधन के सहयोगियों के साथ “बैकस्टैबिंग” का आरोप लगाया।” उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि कांग्रेस ने बहुत ही अल्पदृष्टि वाला, मायोपिक रुख अपनाया है, जिसका उन्हें अफसोस होगा। 2029 के बड़े चुनाव आने वाले हैं, जहां हम BJP को हटाने के लिए पूरी तरह आश्वस्त थे। लेकिन अब कांग्रेस के इस फैसले ने उन्हें अस्थिर साथी बना दिया है। पूरे देश में यही धारणा बन गई है कि कांग्रेस पर भरोसा नहीं किया जा सकता।

इसी बीच, तमिलनाडु राज्यपाल राजेंद्र अरलेकर ने मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और उनकी मंत्रिपरिषद के इस्तीफे को स्वीकार कर लिया। राज्यपाल ने स्टालिन से नई सरकार बनने तक पद पर बने रहने का अनुरोध किया है। एक नई पार्टी का न सिर्फ DMK-AIADMK के द्विदलीय शासन को तोड़ना बल्कि सरकार गठन का नेतृत्व करना मतदाताओं की भावनाओं में गहरा बदलाव दर्शाता है।सरकार गठन चाहे जिस रूप में हो, आने वाले दिन निर्णायक होंगे। चाहे TVK-कांग्रेस समझौता हो, छोटी पार्टियों का व्यापक गठबंधन हो, या दोनों का संयोजन TVK का युग आ चुका है, लेकिन उसकी सरकार का स्वरूप अभी देखना बाकी है।

क्या कहते हैं राजनीतिक विश्लेषक?

तमिलनाडु में यह गठबंधन राज्य की राजनीति में नया समीकरण बनाने जा रहा है। टीवीके के 108 विधायकों के साथ कांग्रेस का समर्थन मिलने से बहुमत का आंकड़ा आसानी से पार हो जाएगा। अब सबकी नजर आज होने वाली विजय और राज्यपाल की मुलाकात पर है। अभी तक की जानकारी के अनुसार, टीवीके सरकार बनाने की प्रक्रिया में पूरी तरह गंभीर है और कांग्रेस का समर्थन मिलने के बाद स्थिति उसके पक्ष में दिख रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now